Operation Sindoor: आतंकी हमले के जवाब में सेना की कार्रवाई, सरकार ने बुलाई बैठक, सभी दल होंगे शामिल

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक में सभी दलों को सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी और आगे की रणनीति तय होगी। ऑपरेशन सिंदूर

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया। अब सरकार ने सभी राजनीतिक दलों को जानकारी देने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

Operation Sindoor: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए हालिया आतंकी हमले के बाद भारत ने कड़ा जवाब देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नामक सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। सेना की इस साहसिक कार्रवाई के बाद केंद्र सरकार ने 8 मई को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

सभी दलों को दी जाएगी ऑपरेशन की जानकारी

सर्वदलीय बैठक का आयोजन संसद परिसर के कक्ष जी-074 में सुबह 11 बजे किया गया है। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सरकार की ओर से उपस्थित रहेंगे। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे और सभी राजनीतिक दलों को ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।

Operation Sindoor: आतंकी हमले के जवाब में सेना की कार्रवाई, सरकार ने बुलाई बैठक, सभी दल होंगे शामिल

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि बैठक का उद्देश्य केवल सूचना साझा करना ही नहीं, बल्कि भविष्य की रणनीति पर चर्चा करना भी है।

कांग्रेस ने की प्रधानमंत्री की मौजूदगी की मांग

कांग्रेस पार्टी ने इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भागीदारी की मांग की है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री को इस बार खुद विपक्ष से संवाद करना चाहिए। कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी बैठक में शामिल होंगे।

Operation Sindoor: आतंकी हमले के जवाब में सेना की कार्रवाई, सरकार ने बुलाई बैठक, सभी दल होंगे शामिल

पवन खेड़ा ने कहा कि हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री खुद मौजूद रहें, ताकि संदेश जाए कि देश की सुरक्षा पर सभी राजनीतिक दल एकसाथ हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत आतंकी ठिकानों को निशाना बना रहा है, जबकि पाकिस्तान निर्दोष नागरिकों और धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहा है — यही दोनों देशों की सोच में फर्क है।

कांग्रेस ने जताया सेना पर भरोसा

बैठक से एक दिन पहले कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक हुई, जिसमें पार्टी अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी ने सेना के शौर्य को सलाम किया। उन्होंने साफ कहा कि इस विषय पर कोई मतभेद नहीं है, कांग्रेस सरकार और देश की सुरक्षा के साथ मजबूती से खड़ी है।

Leave a comment