रक्षाबंधन को देखते हुए मेरठ रेंज पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। 11 एंटी रोमियो स्क्वाड, सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी और गुंडा दमन दल तैनात किए गए हैं। यातायात और सोशल मीडिया पर भी निगरानी रहेगी।
हापुड़: रक्षाबंधन पर्व को लेकर मेरठ रेंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग और लूट जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए 11 एंटी रोमियो स्क्वाड सक्रिय किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।
रक्षाबंधन पर मेरठ रेंज में सुरक्षा कड़ी
रक्षाबंधन पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेरठ रेंज पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीआइजी कलानिधि नैथानी ने रेंज के सभी जनपदों के पुलिस अधिकारियों को बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
![]()
त्योहार के दौरान बाजारों में देर रात तक लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस को लगातार गश्त और चेकिंग करने के लिए कहा गया है। छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग और लूट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
11 एंटी रोमियो स्क्वाड रहेंगे सक्रिय
मनचलों और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए 11 एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय किया गया है। बाजार, बस अड्डे और रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनके साथ गुंडा दमन दल भी निगरानी करेगा।
बाजारों, मॉल, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थलों के आसपास चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। किसी संदिग्ध या लावारिस वस्तु के मिलने पर एंटी-सबोटाज चेक टीम से उसकी जांच कराई जाएगी।
पांच प्रमुख मेलों में भी विशेष सुरक्षा
जिले में रक्षाबंधन के दौरान आयोजित होने वाले पांच प्रमुख मेलों में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस पिकेट लगाई जाएगी। पुलिस ऐसे क्षेत्रों में चिन्हित समाज विरोधी तत्वों पर नजर रखने के साथ जरूरत के अनुसार निरोधात्मक कार्रवाई भी करेगी।
थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने और किसी भी छोटी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात और सोशल मीडिया पर भी निगरानी
रक्षाबंधन पर निजी वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था पर भी फोकस किया है। अधिक ट्रैफिक वाले मार्गों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त यातायात पुलिस की व्यवस्था की जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं और यातायात दबाव को कम करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।
रोडवेज अधिकारियों, बस और टैक्सी यूनियनों के साथ समन्वय कर यात्रियों के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर यूपी-112 की दोपहिया और चारपहिया पीआरवी को प्रमुख स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
पुलिस ने अफवाह और भ्रामक सूचनाओं पर भी निगरानी बढ़ाई है। जनपदीय अभिसूचना तंत्र, कंट्रोल रूम और इंटरनेट मीडिया सेल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










