मध्यप्रदेश इस वर्ष अपना 70वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर राज्य में ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ नाम से राज्योत्सव का आयोजन 1 से 3 नवंबर तक भोपाल में किया जा रहा है।
भोपाल: भारत के हृदय कहलाने वाले मध्यप्रदेश ने अपना 70वां स्थापना दिवस इस बार अद्भुत रंगों, संगीत और तकनीक के संग मनाना शुरू कर दिया है। राजधानी भोपाल में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ (Abhyuday Madhya Pradesh) न केवल सांस्कृतिक उत्सव है, बल्कि यह प्रदेश की समृद्ध परंपरा, तकनीकी प्रगति और कला के संगम का प्रतीक बन गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाल परेड ग्राउंड से इस उत्सव का शुभारंभ किया। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और अर्जुन राम मेघवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
'अभ्युदय मध्यप्रदेश' – संस्कृति और नवाचार का संगम
इस वर्ष का थीम ‘विरासत से विकास तक (Heritage to Development)’ रखा गया है, जो राज्य की ऐतिहासिक जड़ों से लेकर उसके आधुनिक स्वरूप तक की यात्रा को दर्शाता है। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में तीन दिनों तक आयोजित होने वाले इस आयोजन में धरती से लेकर आसमान तक सजावट, संगीत और प्रकाश की जगमगाहट देखने को मिल रही है।
पहले दिन शाम 6:30 बजे उद्घाटन समारोह में 500 कलाकारों ने ‘विश्ववंद - श्रीकृष्ण की सांगीतिक यात्रा’ नामक भव्य प्रस्तुति दी, जिसने भारतीय संस्कृति के संगीत, नृत्य और आध्यात्मिक एकता को मंच पर जीवंत किया।
![]()
2000 ड्रोन से सजे आसमान में दिखी ‘विरासत से विकास’ की कहानी
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रहा भारत का सबसे विशाल ड्रोन शो, जिसमें 2000 ड्रोन ने एक साथ आसमान में मध्यप्रदेश की कहानी उकेरी। ‘विरासत से विकास’ थीम पर आधारित इस शो में सांची स्तूप, कन्या पूजन, नर्मदा नदी, उज्जैन का महाकाल, और आधुनिक भोपाल मेट्रो जैसी झलकियां देखने को मिलीं। ड्रोन तकनीक ने इस आयोजन को न केवल तकनीकी दृष्टि से अग्रणी बनाया बल्कि इसे विश्व स्तर पर सबसे भव्य दृश्य प्रदर्शन के रूप में पहचान दिलाई।
पहले दिन की रात को मशहूर गायक जुबिन नौटियाल ने अपने सुपरहिट गीतों—‘तुझमें रब दिखता है’, ‘लुट गए’ और ‘रातां लंबियां’—से ऐसा समां बांधा कि पूरा भोपाल झूम उठा। वहीं, समापन दिवस यानी 3 नवंबर की रात को बॉलीवुड गायिका स्नेहा शंकर अपनी मधुर आवाज़ से फेस्टिवल का भव्य समापन करेंगी।
लोक संस्कृति, नाट्य और पारंपरिक कला का संगम
दूसरे दिन, 2 नवंबर को, पूरे प्रदेश से आए लोक कलाकारों, जनजातीय समूहों और युवा प्रतिभाओं ने पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और हस्तशिल्प प्रदर्शन से राज्य की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर साकार किया। ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ की थीम पर आधारित लोकनृत्य प्रदर्शन, जनजातीय परिधान शो और हैंडिक्राफ्ट प्रदर्शनी ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और पर्यटन विभाग ने भी अपनी उपलब्धियों और नई योजनाओं को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी लगाई। इसके साथ ही, भोपाल से उज्जैन तक हेलीकॉप्टर सेवा की घोषणा की गई, जो 20 नवंबर 2025 से नियमित रूप से शुरू होगी। यह सेवा प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और एरियल टूरिज्म को नई ऊंचाई देगी।











