ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव, मिडिल ईस्ट में बढ़ती अनिश्चितताओं और वैश्विक बाजार में उथल-पुथल के बीच रूस ने एक बड़ा फैसला लिया है। रूस ने 1 अप्रैल 2026 से गैसोलीन (पेट्रोल) के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है, जो 31 जुलाई 2026 तक लागू रहने की संभावना है।
Russia To Ban Gasoline Export: वैश्विक ऊर्जा बाजार में ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के बीच रूस ने शुक्रवार को ऐतिहासिक फैसला लिया है। रूस ने 1 अप्रैल 2026 से गैसोलीन (पेट्रोल) के निर्यात पर अस्थायी रोक लगाने की घोषणा की है। यह प्रतिबंध 31 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहने की संभावना है।
रूस की सरकार ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य घरेलू आपूर्ति को प्राथमिकता देना और पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण बढ़ती वैश्विक कीमतों को नियंत्रित करना है। डिप्टी प्राइम मिनिस्टर Alexander Novak की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में घरेलू पेट्रोलियम मार्केट की समीक्षा की गई और यह सुनिश्चित किया गया कि घरेलू कीमतें अनुमानित स्तर से ऊपर न जाएँ।
रूस ने कहा कि वैश्विक स्तर पर रूसी ईंधन की मांग अभी भी मजबूत है, लेकिन घरेलू बाज़ार में स्थिरता बनाए रखना प्राथमिकता है। राष्ट्रपति Vladimir Putin ने भी घरेलू ईंधन की कीमतों को नियंत्रित रखने पर जोर दिया।
वैश्विक बाजार पर प्रभाव
रूस की इस घोषणा से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में हलचल मच गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि रूस दुनिया के सबसे बड़े ऊर्जा निर्यातकों में से एक है और इसके गैसोलीन निर्यात पर प्रतिबंध का असर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर पड़ सकता है। विशेष रूप से पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण पहले ही बाजार अस्थिर हैं। रूस का कदम इस अस्थिरता को बढ़ा सकता है, जिससे यूरोप और एशिया के देशों में ईंधन की कीमतों में उछाल आ सकता है।
![]()
भारत पर असर: राहत या चिंता?
भारत के लिए यह फैसला सीधे तौर पर चिंता का विषय नहीं है। भारत रूस से मुख्य रूप से कच्चा तेल (Crude Oil) आयात करता है, जिस पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा है। अप्रैल 2026 के लिए भारतीय रिफाइनरियों ने लगभग 6 करोड़ बैरल कच्चे तेल की खरीद पहले ही सुनिश्चित कर ली है। गैसोलीन की बात करें तो भारत स्वयं अपने बड़े रिफाइनिंग हब से अपनी जरूरतों को पूरा करता है और अतिरिक्त ईंधन का निर्यात भी करता है। इसलिए रूस के गैसोलीन निर्यात पर प्रतिबंध का भारत के घरेलू ईंधन आपूर्ति पर प्रत्यक्ष असर नहीं पड़ेगा।
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैसोलीन की सप्लाई घटने से वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। इसका अप्रत्यक्ष असर भारत के रिफाइनरियों की लागत और देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ सकता है।












