रेलवे भर्ती बोर्ड ने NTPC Graduate CEN 06/2025 के CBTST के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उम्मीदवार 15 सितंबर 2026 तक हिंदी या अंग्रेजी भाषा चुन सकते हैं। दिव्यांग अभ्यर्थियों को निर्धारित शर्तों के तहत टाइपिंग टेस्ट से छूट मिलेगी।
प्रयागराज: रेलवे भर्ती बोर्ड ने RRB NTPC Graduate CEN 06/2025 के तहत होने वाले कंप्यूटर आधारित टाइपिंग स्किल टेस्ट के लिए भाषा चयन अनिवार्य किया है। शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को 15 सितंबर 2026 की शाम 7 बजे तक हिंदी या अंग्रेजी का विकल्प चुनना होगा। तय समय तक भाषा नहीं चुनने पर परीक्षा अंग्रेजी में होगी और बाद में चयनित विकल्प बदलने की अनुमति नहीं होगी।
15 सितंबर तक भाषा का विकल्प चुनना होगा
रेलवे भर्ती बोर्ड ने NTPC Graduate CEN 06/2025 के तहत CBTST के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को भाषा चयन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। उम्मीदवार आधिकारिक पोर्टल rrbbbs.gov.in पर जाकर हिंदी या अंग्रेजी में से किसी एक भाषा का विकल्प चुन सकते हैं।
![]()
भाषा चयन की अंतिम समयसीमा 15 सितंबर 2026 की शाम 7 बजे तक है। जो अभ्यर्थी निर्धारित समय के भीतर विकल्प नहीं चुनेंगे, उनकी परीक्षा भाषा स्वतः अंग्रेजी मानी जाएगी। एक बार विकल्प दर्ज करने के बाद उसमें किसी भी स्थिति में बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
हिंदी माध्यम चुनने वाले उम्मीदवारों के लिए कंप्यूटर पर ‘कृतिदेव’ और ‘मंगल’ फॉन्ट की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
10 मिनट की मुख्य टाइपिंग परीक्षा
CBTST का पूरा सत्र कुल 16 मिनट का होगा। शुरुआत में कीबोर्ड जांचने और वार्म-अप के लिए 1 मिनट का अभ्यास समय मिलेगा। इसके बाद 5 मिनट का ब्रेक होगा और फिर 10 मिनट की मुख्य टाइपिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी।
टेस्ट के दौरान टाइप किए गए शब्दों में गलती सुधारने या उन्हें एडिट करने के लिए एडिटिंग टूल्स का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। यदि कोई अभ्यर्थी दिए गए पैराग्राफ को निर्धारित समय से पहले पूरा कर लेता है, तो वह बचे हुए समय में शुरुआत से दोबारा टाइपिंग जारी रख सकता है।
हिंदी और अंग्रेजी के लिए अलग स्पीड मानक
अंग्रेजी माध्यम के उम्मीदवारों को न्यूनतम 30 शब्द प्रति मिनट की गति से कम से कम 300 शब्द टाइप करने होंगे। हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम गति 25 शब्द प्रति मिनट रखी गई है और उन्हें कम से कम 250 शब्द टाइप करने होंगे।
निर्धारित न्यूनतम शब्द सीमा पूरी नहीं करने पर अभ्यर्थी की कॉपी का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। मूल्यांकन के दौरान कुल टाइप किए गए शब्दों में 5 प्रतिशत तक गलतियां माफ रहेंगी। इसके बाद होने वाली प्रत्येक अतिरिक्त गलती पर कुल सही शब्दों में से 10 शब्द घटाए जाएंगे।
40 प्रतिशत या अधिक दिव्यांगता पर टेस्ट से छूट
रेलवे ने 40 प्रतिशत या उससे अधिक स्थायी दिव्यांगता वाले पात्र अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट से छूट दी है। इसमें दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी और लोकोमोटर दिव्यांगता वाले उम्मीदवार शामिल हैं।
छूट का लाभ लेने के लिए पात्र अभ्यर्थियों को सक्षम मेडिकल बोर्ड से जारी प्रमाण पत्र 22 सितंबर 2026 की शाम 7 बजे तक हेल्पडेस्क पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के समय आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। इसलिए उम्मीदवारों को अपना मूल आधार कार्ड साथ ले जाने की सलाह दी गई है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को किसी भी तरह के झांसे या अनुचित सहायता का दावा करने वाले दलालों से सावधान रहने को भी कहा है।











