SEBI का बड़ा एक्शन: यस बैंक शेयर सौदे में PWC और EY पर इनसाइडर ट्रेडिंग के लगाए गंभीर आरोप

SEBI Action on Yes Bank Deal: यस बैंक के शेयर सौदे को लेकर SEBI ने कड़ा रुख अपनाया है। PwC और EY पर इनसाइडर ट्रेडिंग के गंभीर आरोप लगे हैं। जानिए पूरा मामला

यस बैंक के शेयरों की 2022 में हुई खरीद से जुड़े मामले में बाजार नियामक सेबी ने प्राइसवाटरहाउस कूपर्स (पीडब्ल्यूसी) और अर्न्स्ट एंड यंग (ईवाई) की घरेलू इकाइयों के पूर्व एवं मौजूदा अधिकारियों पर कारोबार नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।

SEBI Notice: भारतीय शेयर बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने यस बैंक के 2022 के शेयर सौदे को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। सेबी ने प्राइस वाटरहाउस कूपर्स (PWC) और अर्न्स्ट एंड यंग (EY) की भारतीय इकाइयों के पूर्व और मौजूदा वरिष्ठ अधिकारियों पर इनसाइडर ट्रेडिंग और गोपनीयता नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। इस मामले में अमेरिका की प्रमुख प्राइवेट इक्विटी फर्मों कार्लाइल ग्रुप और एडवेंट इंटरनेशनल से जुड़े अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

क्या है पूरा मामला

सेबी द्वारा नवंबर में जारी कारण बताओ नोटिस के अनुसार, जुलाई 2022 में यस बैंक के बड़े शेयर ऑफर से पहले कुछ अधिकारियों और उनके करीबी लोगों ने अप्रकाशित मूल्य संवेदनशील जानकारी (UPSI) के आधार पर ट्रेडिंग की। यह जानकारी सार्वजनिक होने से पहले ही कुछ व्यक्तियों ने यस बैंक के शेयरों की खरीद-बिक्री कर कथित तौर पर अवैध लाभ कमाया।

जुलाई 2022 में कार्लाइल और एडवेंट ने करीब 1.1 अरब डॉलर में यस बैंक की लगभग 10 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। इस सौदे की घोषणा के एक दिन बाद, 29 जुलाई 2022 को, यस बैंक का शेयर करीब 6 प्रतिशत चढ़ गया। सेबी को इस अवधि से पहले शेयरों में असामान्य उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जिसके बाद विस्तृत जांच शुरू की गई।

SEBI का बड़ा एक्शन: यस बैंक शेयर सौदे में PWC और EY पर इनसाइडर ट्रेडिंग के लगाए गंभीर आरोप

PWC और EY पर आरोप

सेबी का कहना है कि इस सौदे से जुड़े मूल्यांकन, कर सलाह और ड्यू डिलिजेंस के दौरान PWC और EY के कुछ अधिकारियों को अत्यंत संवेदनशील जानकारी तक पहुंच मिली। आरोप है कि इन अधिकारियों ने गोपनीयता नियमों का उल्लंघन करते हुए यह जानकारी अपने परिवार के सदस्यों, दोस्तों और अन्य संबंधित लोगों के साथ साझा की।

नोटिस के मुताबिक, PWC और EY के दो अधिकारियों के अलावा उनके परिवार के पांच सदस्य और करीबी लोग भी संदिग्ध ट्रेडिंग में शामिल पाए गए। सेबी ने कहा है कि इनमें से अधिकांश अधिकारी अभी भी अपनी-अपनी कंपनियों में कार्यरत हैं।

अन्य संस्थाओं की भूमिका

जांच में यह भी सामने आया है कि यस बैंक के बोर्ड के एक पूर्व सदस्य ने भी सौदे से जुड़ी मूल्य संवेदनशील जानकारी साझा की, जिसका लाभ अन्य लोगों ने उठाया। कार्लाइल और एडवेंट के कुछ अधिकारियों पर भी आरोप है कि उन्होंने इस जानकारी के आदान-प्रदान में भूमिका निभाई। सेबी ने अपनी जांच में पाया कि EY की आंतरिक ट्रेडिंग और अनुपालन नीति नियामकीय मानकों के अनुरूप नहीं थी। इसी आधार पर नियामक ने EY इंडिया के चेयरमैन राजीव मेमानी और मुख्य परिचालन अधिकारी से यह स्पष्ट करने को कहा है कि उन पर जुर्माना क्यों न लगाया जाए।

इसके अलावा, सेबी ने यह भी कहा कि PWC और EY दोनों के अधिकारियों ने क्लाइंट गोपनीयता और फायरवॉल नियमों का पालन नहीं किया, जिससे इनसाइडर ट्रेडिंग का रास्ता खुला।

Leave a comment