महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार के उप मुख्यमंत्री बनने की अटकलें तेज हो गई हैं। सुनेत्रा पवार शनिवार को अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंच गई हैं और माना जा रहा है कि वह आज महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकती हैं।
मुंबई: महाराष्ट्र में राजनीति का नया मोड़ सामने आया है। डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम पद पर शपथ लेने की खबरें आ रही हैं। सुनेत्रा पवार आज अपने बेटे पार्थ के साथ मुंबई पहुंच गई हैं। बताया जा रहा है कि वह राज्य की उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर सकती हैं।
हालांकि, इस खबर पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने बड़ा बयान दिया। शरद पवार ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मुझे शपथ ग्रहण के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हमें इसके बारे में मीडिया से पता चला।”
शरद पवार ने क्या कहा?
![]()
बारामती में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शरद पवार ने कहा कि उन्हें सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण की योजना के बारे में कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा,
हमें इसके बारे में खबरों से पता चला। मुझे शपथ ग्रहण के बारे में कोई जानकारी नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या शपथ ग्रहण समारोह में पवार परिवार से कोई शामिल होगा, तो उन्होंने कहा कि यह फैसला एनसीपी ने लिया होगा। शरद पवार ने कुछ नेताओं का नाम भी लिया जिन्होंने इस पहल में भूमिका निभाई— प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे जैसे लोगों ने कुछ तय किया होगा।
शरद पवार ने आगे कहा कि दोनों गुटों को एकजुट करना उनके दिवंगत भतीजे अजित पवार की इच्छा थी। उन्होंने बताया कि अजित पवार, शशिकांत शिंदे और जयंत पाटिल ने दोनों गुटों के विलय पर बातचीत शुरू की थी और विलय की तारीख भी तय हो गई थी—12 फरवरी। दुर्भाग्यवश, अजित पवार इस तारीख से पहले ही दुनिया से चले गए। शरद पवार ने कहा, अब हमें लगता है कि उनकी इच्छा पूरी होनी चाहिए। यह उनका सपना था कि दोनों गुट एकजुट हों।
एनसीपी नेताओं की मांग
28 जनवरी को हुए बारामती विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत के बाद, एनसीपी नेताओं के एक वर्ग ने मांग की थी कि उनके दिवंगत पति के पद पर उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को जगह दी जाए। एनसीपी सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सुनेत्रा पवार राज्यसभा सांसद होने के नाते शनिवार को उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर सकती हैं और कैबिनेट में अपने दिवंगत पति का स्थान ले सकती हैं।











