अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के 80वें जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में UFC मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खास फाइटिंग एरिया तैयार किया जा रहा है, जबकि करीब 1 लाख लोग बड़ी स्क्रीन पर मुफ्त में यह मुकाबला देख सकेंगे।
वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के 80वें जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में एक बड़ा UFC मुकाबला आयोजित किया जाएगा। 14 जून को होने वाला यह इवेंट अमेरिका की स्थापना के 250 वर्ष पूरे होने के जश्न का हिस्सा होगा। इस आयोजन को लेकर अमेरिका में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
UFC दुनिया की सबसे बड़ी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) संस्था मानी जाती है। इसमें अलग-अलग फाइटिंग खेलों के खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करते हैं। इस बार इसका आयोजन व्हाइट हाउस परिसर में होने जा रहा है, जो इसे बेहद खास बना रहा है।
व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में बनेगा खास फाइटिंग एरिया
UFC अध्यक्ष डाना व्हाइट ने बताया कि इस इवेंट का विचार खुद ट्रम्प ने दिया था। इसके लिए व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में एक विशेष फाइटिंग एरिया तैयार किया जा रहा है। यहां करीब 4 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।
फाइटिंग एरिया को अमेरिकी झंडे की थीम पर डिजाइन किया गया है। UFC ने ऑक्टागन पिंजरे का नया डिजाइन भी जारी किया है, जिसमें ऊपर बड़े आर्क और हाईटेक लाइटिंग सिस्टम लगाए जा रहे हैं। आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
एलिप्स फील्ड में बड़ी स्क्रीन पर दिखेगा मुकाबला
व्हाइट हाउस के पास मौजूद एलिप्स फील्ड में विशाल स्क्रीन लगाई जाएंगी ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग मुकाबला देख सकें। आयोजकों के मुताबिक करीब 75 हजार से 1 लाख लोग मुफ्त में इस इवेंट को लाइव देख पाएंगे।
डाना व्हाइट ने बताया कि उनके पास 200 टिकट होंगे, जबकि ट्रम्प लगभग 1000 टिकट बांटेंगे। UFC की मालिक कंपनी TKO ग्रुप के प्रमुख एरी इमैनुएल को भी 200 टिकट दिए जाएंगे। बाकी टिकट अमेरिकी सैनिकों और विशेष मेहमानों के लिए रखे जाएंगे।
जस्टिन गेथजी और इलिया टोपूरिया के बीच हो सकता है बड़ा मुकाबला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी फाइटर जस्टिन गेथजी और जॉर्जिया के स्टार फाइटर इलिया टोपूरिया के बीच मुख्य मुकाबला हो सकता है। हालांकि UFC की तरफ से आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।
मुकाबले से पहले खिलाड़ियों का वजन मापने की प्रक्रिया लिंकन मेमोरियल में आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम को भी बड़े सार्वजनिक आयोजन के रूप में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
ट्रम्प बोले- टिकटों की जबरदस्त मांग
हाल ही में ट्रम्प ने कहा था कि UFC मुकाबले के टिकटों की मांग बेहद ज्यादा है। उन्होंने कहा कि लोगों में इस आयोजन को लेकर अलग ही उत्साह है और उन्होंने पहले कभी किसी इवेंट के लिए ऐसा माहौल नहीं देखा।
ट्रम्प लंबे समय से UFC के बड़े समर्थक रहे हैं और अक्सर बड़े मुकाबलों में नजर आते हैं। जब वे एरीना में पहुंचते हैं तो दर्शक उन्हें किसी फिल्म स्टार की तरह स्वागत देते हैं।
ट्रम्प और डाना व्हाइट की दोस्ती पुरानी
डाना व्हाइट और ट्रम्प के संबंध कई साल पुराने हैं। राजनीति में आने से पहले ट्रम्प ने अपने होटल और कैसीनो में UFC मुकाबले आयोजित कराने की अनुमति दी थी। उस समय UFC को काफी विवादित खेल माना जाता था और कई कारोबारी इससे दूरी बनाए रखते थे।
डाना व्हाइट कई बार सार्वजनिक रूप से ट्रम्प का समर्थन कर चुके हैं। रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में भी उन्होंने ट्रम्प के समर्थन में भाषण दिया था।
![]()
1993 में हुई थी UFC की शुरुआत
UFC की शुरुआत 1993 में अमेरिका में हुई थी। इसका मकसद यह जानना था कि कौन-सी मार्शल आर्ट सबसे प्रभावी है। शुरुआती दौर में इसमें बेहद कम नियम होते थे और मुकाबले काफी खतरनाक माने जाते थे।
बाद में सुरक्षा नियम जोड़े गए और खेल को पेशेवर रूप दिया गया। आज UFC दुनिया का सबसे बड़ा MMA प्लेटफॉर्म बन चुका है और इसके मुकाबले दुनियाभर में करोड़ों लोग देखते हैं।
UFC कैसे बना अरबों डॉलर का कारोबार
2001 में डाना व्हाइट और फर्टिटा भाइयों ने UFC को लगभग 20 लाख डॉलर में खरीदा था। उस समय यह संस्था आर्थिक संकट में थी। बाद में UFC तेजी से लोकप्रिय हुआ और 2016 में इसे लगभग 4 अरब डॉलर में बेच दिया गया।
कोविड महामारी के दौरान भी UFC लगातार मुकाबले आयोजित करता रहा। अबू धाबी में बनाए गए “फाइट आइलैंड” ने इस खेल को और ज्यादा लोकप्रिय बना दिया।
UFC और WWE में बड़ा अंतर
कई लोग UFC और WWE को एक जैसा मानते हैं, लेकिन दोनों पूरी तरह अलग हैं। UFC में असली मुकाबले होते हैं और जीत-हार पहले से तय नहीं होती। खिलाड़ी मुक्के, किक, कुश्ती और सबमिशन तकनीकों का इस्तेमाल करते हैं।
वहीं WWE मुख्य रूप से मनोरंजन आधारित शो है, जहां मैच का परिणाम पहले से तय होता है और कहानी व किरदारों पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है।
UFC के बड़े स्टार्स
UFC के इतिहास में कई बड़े फाइटर्स ने अपनी पहचान बनाई है। इनमें कॉनर मैकग्रेगर, खबीब नूरमगोमेदोव और जॉन जोन्स जैसे नाम शामिल हैं। महिलाओं की फाइट्स भी UFC का बड़ा हिस्सा बन चुकी हैं।
रोंडा राउजी को UFC की पहली बड़ी महिला सुपरस्टार माना जाता है। उन्होंने महिलाओं के मुकाबलों को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई।









