अमेरिका में महंगाई बढ़ने का प्रमुख कारण ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी मानी जा रही है। विदेशी सामान पर भारी शुल्क से जरूरी चीजें महंगी हो गईं। अब व्हाइट हाउस कुछ देशों पर लगे टैरिफ हटाने पर विचार कर रहा है, जिससे बाजार को राहत मिल सकती है।
US Tariff: अमेरिका में महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सबसे बड़ा कारण डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी को माना जा रहा है। ‘America First’ के नाम पर लागू की गई भारी-भरकम टैरिफ नीति का असर अब अमेरिकी बाजार पर उलटा पड़ गया है। विदेशी सामान पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से जहां घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देने की उम्मीद की गई थी, वहीं इसका सीधा प्रभाव जनता की जेब पर पड़ा और रोजमर्रा की जरूरी चीजें महंगी होने लगीं। परिणामस्वरूप महंगाई का दबाव व्हाइट हाउस तक महसूस किया जा रहा है।
टैरिफ से रोजमर्रा की चीजों के बढ़े दाम
ट्रंप ने सत्ता संभालते ही उन देशों से आने वाले सामान पर भारी टैरिफ लगाए, जिनसे अमेरिका बड़े पैमाने पर आयात करता रहा है। इनमें भारत, अर्जेंटीना, इक्वाडोर, ग्वाटेमाला और एल सल्वाडोर शामिल हैं। इन देशों से आने वाली खाने पीने की चीजें अचानक महंगी हो गईं। ट्रंप प्रशासन का लक्ष्य था कि विदेशी कंपनियों पर दबाव बने और अमेरिका का राजस्व बढ़े, लेकिन यह फैसला उलटा पड़ गया। टैरिफ लगते ही कॉफी, केला, बीफ और अन्य जरूरी खाद्य उत्पादों की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गईं। घरेलू बाजार में कीमतें बढ़ने से आम लोगों का बजट बिगड़ गया और देश में महंगाई की मार तेज हो गई।
![]()
व्हाइट हाउस टैरिफ वापस लेने की तैयारी में
एक रिपोर्ट के अनुसार अब व्हाइट हाउस इस नीति को बदलने की तैयारी में है। ट्रंप प्रशासन आने वाले कुछ हफ्तों में अर्जेंटीना, इक्वाडोर, ग्वाटेमाला और एल सल्वाडोर से आने वाले खाद्य उत्पादों पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ को हटाने का फैसला ले सकता है। फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत कॉफी, केला, बीफ और अन्य आयातित चीजों को सस्ता करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
माना जा रहा है कि इस कदम से न केवल अमेरिकी बाजार में महंगाई कम होगी बल्कि अमेरिकी कंपनियों को भी इन देशों के बाजारों में प्रवेश आसान होगा। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में ऐसे बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं जिनसे खाद्य वस्तुओं की कीमतों में कमी दिखाई देगी।
ट्रंप का नया ऐलान टैरिफ डिविडेंड
इस बीच ट्रंप का हालिया ऐलान भी चर्चा में है। उन्होंने यह दावा किया है कि हर अमेरिकी नागरिक को कम से कम 2000 डॉलर का “Tariff Dividend” दिया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती महंगाई और टैरिफ नीति से पैदा हुई नाराजगी को शांत करने के लिए यह कदम उठाया गया है। बढ़ती कीमतों और दबाव के बीच यह घोषणा जनता को राहत देने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है।











