अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है। US ने खाड़ी में 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के तहत हजारों सैनिक, ट्रिपोली और बॉक्सर स्ट्राइक ग्रुप सहित एयरबोर्न डिवीजन तैनात किए हैं। लक्ष्य Strait of Hormuz और ईरानी ठिकानों को नियंत्रित करना है।
Strait of Hormuz: मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव गहरा गया है। 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के तहत अमेरिका ने खाड़ी क्षेत्र में हजारों सैनिक और आधुनिक युद्धपोत तैनात कर दिए हैं। इनमें प्रमुख हैं यूएसएस ट्रिपोली और बॉक्सर स्ट्राइक ग्रुप। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक अब तक ईरान के 9,000 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया जा चुका है, जिनमें बैलिस्टिक मिसाइल यूनिट्स और IRGC के मुख्यालय शामिल हैं।
खाड़ी में तनाव की असली वजह Strait of Hormuz बनी हुई है, जो विश्व के 20 फीसदी तेल व्यापार के लिए अहम मार्ग है। ईरान के प्रयासों के जवाब में अमेरिका ने अपनी थल सेना और नौसेना की सबसे घातक टुकड़ियों को मोर्चे पर उतार दिया है। पेंटागन ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर हवाई हमले के साथ जमीनी कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटेंगे।
ट्रिपोली और बॉक्सर स्ट्राइक ग्रुप की भूमिका
अमेरिका की ओर बढ़ रही सेना में सबसे महत्वपूर्ण ट्रिपोली एम्फीबियस रेडी ग्रुप है। इसमें यूएसएस ट्रिपोली और 31वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट (MEU) शामिल हैं। जापान के सासेबो से रवाना यह बेड़ा 23 मार्च तक डिएगो गार्सिया पहुंच चुका था और मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत तक युद्ध क्षेत्र में तैनात होगा। ट्रिपोली हल्के विमानवाहक पोत की तरह काम करता है और F-35B जैसे जेट्स के साथ-साथ मरीन सैनिकों को समुद्र और हवा दोनों रास्तों से उतारने में सक्षम है।
इसके ठीक पीछे कैलिफोर्निया से बॉक्सर ग्रुप रवाना हुआ है, जिसमें 11वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट के 2,200 सैनिक शामिल हैं। इसकी यात्रा को तीन हफ्ते पहले तय समय से तेज कर दिया गया है। 11वीं मरीन यूनिट का खाड़ी में पुराना और आक्रामक इतिहास रहा है और इसने 1990 के खाड़ी युद्ध और 2004 के इराक अभियान में प्रमुख भूमिका निभाई थी।
![]()
हवाई फोर्स: एयरबोर्न डिवीजन तैनात
जमीनी मोर्चे को मजबूत करने के लिए पेंटागन ने 82nd एयरबोर्न डिवीजन के करीब 2,000 सैनिक मिडिल ईस्ट भेजने का आदेश दिया है। नॉर्थ कैरोलिना के फोर्ट ब्रैग स्थित यह डिवीजन दुनिया की सबसे तेज़ तर्रार फोर्स मानी जाती है और आदेश मिलने के मात्र 18 घंटों में पैराशूट के जरिए किसी भी क्षेत्र में उतर सकती है। इनका मुख्य काम हवाई अड्डों पर कब्जा करना और बाद में आने वाली भारी सेना के लिए जमीन तैयार करना होता है। इस डिवीजन का इतिहास दूसरे विश्व युद्ध के नॉर्मेंडी लैंडिंग से लेकर कासिम सुलेमानी की मौत के बाद पैदा हुए तनाव तक फैला हुआ है। इनके पास शुरुआत में भारी बख्तरबंद गाड़ियां नहीं होतीं, लेकिन दुश्मन के इलाके में रणनीतिक ठिकानों को सुरक्षित करने में इनका कोई सानी नहीं है।
अतिरिक्त 7,000 सैनिकों का आगमन
वर्तमान में यूएसएस अब्राहम लिंकन स्ट्राइक ग्रुप पहले से ही युद्ध क्षेत्र में सक्रिय है। हालांकि यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ड मरम्मत के लिए भूमध्य सागर में रुका हुआ है, लेकिन नए सैनिकों के आने से अमेरिकी सैन्य क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी। मरीन और एयरबोर्न सैनिकों को मिलाकर करीब 7,000 नए जवान खाड़ी में तैनात हो रहे हैं। यह संयोजन समुद्र से मरीन कमांडो और आसमान से पैराट्रूपर्स के जरिए ईरान के खिलाफ दोतरफा घेराबंदी की तैयारी का संकेत देता है।
ईरान की प्रतिक्रिया
ईरान ने भी पीछे हटने के संकेत नहीं दिए हैं। उसने खाड़ी देशों और अमेरिकी ठिकानों पर रोजाना ड्रोन और मिसाइल हमले जारी रखे हैं। 140 से अधिक ईरानी जहाजों के तबाह होने और तेल डिपो पर मंडराते खतरे के बावजूद तेहरान युद्ध में अपनी सक्रियता जारी रखे हुए है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बयान दिया कि अमेरिका को ईरान के भीतर परमाणु सामग्री सुरक्षित करने के लिए भी कार्रवाई करनी पड़ सकती है।










