केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण रोजगार व्यवस्था में बड़े बदलाव के तौर पर पेश किए गए विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G बिल, 2025 पर विपक्ष की प्रतिक्रिया लगातार सामने आ रही है।
नई दिल्ली: केंद्र सरकार के फैसले के बाद मनरेगा की जगह लाने गए VB-G RAM G कानून पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा राम के नाम का इस्तेमाल कर अपनी राजनीति चमकाना चाहती है। डिंपल यादव के मुताबिक, सरकार देश की जनता, युवाओं, किसानों और महिलाओं को “राम भरोसे” छोड़ना चाहती है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने ग्रामीण रोजगार व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विधेयक, 2025 यानी VB-G RAM G पेश किया है, जिसे लोकसभा से मंजूरी मिल चुकी है। यह नया कानून करीब 20 साल पुराने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की जगह लागू किया जाएगा।
क्या है VB-G RAM G बिल?
VB-G RAM G बिल 2025 को केंद्र सरकार ने मनरेगा (MGNREGA) की जगह लाने के उद्देश्य से पेश किया है। यह कानून लगभग दो दशक पुरानी ग्रामीण रोजगार योजना का स्थान लेगा, जिसके तहत ग्रामीण परिवारों को साल में न्यूनतम रोजगार देने की गारंटी थी। सरकार का दावा है कि नया कानून ग्रामीण आजीविका, कौशल विकास और रोजगार को अधिक “आधुनिक और परिणामोन्मुख” बनाएगा।
हालांकि, विपक्ष का आरोप है कि यह बदलाव सिर्फ नाम बदलने और प्रचार तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर गरीबों और मजदूरों के हितों की अनदेखी की जा रही है।
![]()
डिंपल यादव का बयान: “राम के नाम पर राजनीति”
दिल्ली में मौजूद मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा,
'भाजपा राम के नाम का प्रयोग करके अपनी नाव पार लगाना चाहती है। पूरे देश की जनता, युवा, किसान और महिलाएं—सबको राम भरोसे छोड़ना चाहती है सरकार।'
उन्होंने आगे कहा कि मनरेगा जैसी योजना गांव-गांव तक पहुंची थी और करोड़ों गरीबों के लिए सहारा बनी। कहीं न कहीं यह महात्मा गांधी का भी अपमान है। सरकार को इस योजना में कोई नई बात नहीं करनी है, बस प्रचार और प्रसार के लिए नाम बदलना है, डिंपल यादव ने कहा। डिंपल यादव का कहना है कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि महात्मा गांधी के आत्मनिर्भर गांव और रोजगार के दर्शन से जुड़ी हुई थी। उनका आरोप है कि सरकार गांधी के नाम और उनकी विरासत को धीरे-धीरे हाशिए पर डाल रही है और धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है।
सपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा की प्रतिक्रिया
VB-G RAM G बिल पर सपा सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा ने भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, भाजपा नाम बदलने में बहुत तेज है, लेकिन नाम बदलने से हालात नहीं बदलते। मनरेगा महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी योजना थी और लाखों गरीब इससे लाभान्वित हो रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि देश में बड़ी संख्या में लोग महात्मा गांधी को मानते हैं और भगवान राम का भी सम्मान करते हैं, लेकिन भाजपा वोटों की राजनीति के लिए योजनाओं के नाम बदल रही है।










