फेक VPN ऐप्स के जरिए साइबर अपराधी यूजर्स के स्मार्टफोन में मालवेयर और रिमोट एक्सेस टूल्स इंस्टॉल कर रहे हैं. इससे बैंकिंग डिटेल्स, ओटीपी और निजी डेटा चोरी होने का खतरा बढ़ गया है. गूगल ने Play Protect ऑन रखने और केवल आधिकारिक स्टोर से ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी है.
Fake VPN Apps Warning: गूगल ने दुनियाभर के VPN यूजर्स को चेतावनी दी है कि साइबर अपराधी नकली VPN ऐप्स के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं. ये फर्जी ऐप्स सोशल मीडिया, फर्जी वेबसाइट्स और संदिग्ध लिंक के माध्यम से फैल रही हैं. एक बार इंस्टॉल होने पर ये ऐप्स फोन में मालवेयर और रिमोट एक्सेस टूल्स डाल देती हैं, जिससे यूजर की बैंकिंग जानकारी, पासवर्ड और निजी डेटा चोरी हो सकता है. इसी खतरे को देखते हुए गूगल ने यूजर्स को Play Protect हमेशा ऑन रखने की सलाह दी है.
फेक VPN ऐप्स से कैसे फैल रहा है खतरा?
साइबर अपराधी नकली VPN ऐप्स को असली और भरोसेमंद कंपनियों के नाम से प्रमोट करते हैं. ये ऐप्स अक्सर सोशल मीडिया, फर्जी वेबसाइट्स या मैसेजिंग लिंक के जरिए लोगों तक पहुंचाई जाती हैं. कई बार यूजर को भरोसा दिलाया जाता है कि ये ऐप उनकी ऑनलाइन गतिविधियों को पूरी तरह सुरक्षित बनाएगी.
लेकिन जैसे ही ये फर्जी VPN ऐप्स फोन में इंस्टॉल होती हैं, ये बैकग्राउंड में मालवेयर और रिमोट एक्सेस टूल्स एक्टिव कर देती हैं. इसके बाद हैकर्स को यूजर के फोन पर पूरा कंट्रोल मिल सकता है. इससे पासवर्ड, ओटीपी, बैंक डिटेल्स और निजी बातचीत तक चोरी होने का खतरा बढ़ जाता है.
![]()
गूगल की सख्त सलाह, Play Protect रखें हमेशा ऑन
गूगल ने यूजर्स को इस खतरे से बचाने के लिए साफ तौर पर सलाह दी है कि वे अपने फोन में Google Play Protect को हमेशा एक्टिव रखें. यह फीचर मशीन लर्निंग तकनीक की मदद से खतरनाक और संदिग्ध ऐप्स को पहचानने में सक्षम है.
गूगल के मुताबिक, जब कोई यूजर ब्राउजर या फाइल मैनेजर के जरिए किसी फर्जी ऐप को साइडलोड करने की कोशिश करता है, तो Play Protect उस इंस्टॉलेशन को तुरंत ब्लॉक कर देता है. इसके अलावा यह सिस्टम फाइनेंशियल फ्रॉड से जुड़ी खतरनाक परमिशन को भी अपने आप रोक सकता है, जिससे यूजर का डेटा सुरक्षित रहता है.
सुरक्षित रहने के लिए यूजर्स को क्या करना चाहिए?
साइबर सुरक्षा एजेंसियों और गूगल की सलाह है कि यूजर्स को केवल Google Play Store या Apple App Store जैसे भरोसेमंद प्लेटफॉर्म से ही VPN ऐप डाउनलोड करनी चाहिए. किसी अनजान लिंक, सोशल मीडिया मैसेज या ईमेल से आए डाउनलोड लिंक पर क्लिक करने से बचना बेहद जरूरी है.
अगर कोई ऐप इंस्टॉल करते समय Play Protect को बंद करने के लिए कहे, तो उसे कभी भी इंस्टॉल न करें. साथ ही बिना जांच-पड़ताल के विदेशी या संदिग्ध डेवलपर्स, विशेष रूप से अनजान चाइनीज डेवलपर की VPN ऐप्स से दूरी बनाए रखें. अमेरिका की साइबर सिक्योरिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सिक्योरिटी एजेंसी भी पहले ही VPN ऐप्स को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी जारी कर चुकी है.











