WhatsApp यूज़र्स लंबे समय से एक ऐसे लॉगआउट विकल्प की मांग कर रहे थे, जिसमें चैट हिस्ट्री डिलीट न हो। अब रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी इस समस्या का समाधान करने के लिए एक नया फीचर टेस्ट कर रही है।
टेक न्यूज़: मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp एक नए और बहुप्रतीक्षित फीचर पर काम कर रहा है, जो यूजर्स के लिए ऐप इस्तेमाल करने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है। नए अपडेट के बाद यूजर्स बिना ऐप डिलीट किए और बिना अपनी चैट हिस्ट्री खोए, अस्थायी रूप से WhatsApp से लॉगआउट कर सकेंगे। यह फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी माना जा रहा है जो कुछ समय के लिए डिजिटल ब्रेक लेना चाहते हैं।
अब तक WhatsApp में लॉगआउट का कोई सीधा विकल्प मौजूद नहीं था। यूजर को अगर ऐप से दूरी बनानी होती थी, तो उसे या तो ऐप अनइंस्टॉल करना पड़ता था या फिर फोन की सेटिंग्स में जाकर डेटा क्लियर करना होता था। इस प्रक्रिया में चैट्स, मीडिया और बैकअप से जुड़ी जटिलताएं सामने आती थीं। लेकिन नए फीचर के आने के बाद यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
बीटा वर्जन में दिखा नया लॉगआउट फीचर
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फीचर WhatsApp Beta for Android वर्जन 2.26.21.9 में देखा गया है। फिलहाल इसे सीमित बीटा टेस्टर्स के लिए रोलआउट किया गया है। आने वाले समय में इसे धीरे-धीरे और ज्यादा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है। नए लॉगआउट विकल्प को ऐप के “Account Settings” सेक्शन में जोड़ा जाएगा।
यहां यूजर को एक नया बटन मिलेगा, जिससे वह अपने अकाउंट को अस्थायी रूप से डिवाइस से डिस्कनेक्ट कर सकेगा। कंफर्मेशन के बाद WhatsApp लॉगआउट हो जाएगा, लेकिन चैट्स, सेटिंग्स और मीडिया फाइल्स डिवाइस में सुरक्षित बनी रहेंगी।
लॉगआउट फीचर कैसे करेगा काम?
![]()
इस नए सिस्टम के तहत जब कोई यूजर लॉगआउट करेगा, तो उसका अकाउंट फोन से हटा नहीं जाएगा, बल्कि सिर्फ साइन-आउट होगा। यानी यूजर जब चाहे दोबारा लॉगिन कर सकता है और उसे चैट बैकअप रिस्टोर करने या लंबी सेटअप प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यूजर्स बिना किसी डेटा लॉस के WhatsApp से कुछ समय के लिए दूरी बना सकेंगे। यह फीचर उन लोगों के लिए भी उपयोगी है जो काम के दबाव, पढ़ाई या मानसिक शांति के लिए सोशल मीडिया से ब्रेक लेना चाहते हैं।
डिजिटल डिटॉक्स में मददगार साबित होगा फीचर
आज के समय में लगातार आने वाले नोटिफिकेशन, ग्रुप मैसेज और कॉल्स कई लोगों के लिए तनाव का कारण बन जाते हैं। ऐसे में यह नया लॉगआउट फीचर डिजिटल डिटॉक्स के लिए एक आसान समाधान बन सकता है। यूजर कुछ दिनों या हफ्तों के लिए WhatsApp से दूर रह सकता है और बाद में वापस आने पर उसकी सारी चैट्स और सेटिंग्स पहले जैसी ही मिलेंगी। यह फीचर यूजर कंट्रोल और प्राइवेसी को और मजबूत करेगा।
पिछले कुछ समय से WhatsApp लगातार नए फीचर्स जोड़ रहा है। इसमें एक ही ऐप में मल्टी-अकाउंट सपोर्ट, चैट लॉक, फेस आईडी और फिंगरप्रिंट लॉक जैसे सुरक्षा फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा, मेटा की कोशिश है कि यूजर्स को अपने डेटा और ऐप इस्तेमाल पर ज्यादा कंट्रोल दिया जाए। नया लॉगआउट फीचर भी इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।








