Columbus

MS Dhoni Retirement: कोच Stephen Fleming का बड़ा बयान, जानें क्या हैं सच्चाई

MS Dhoni Retirement: कोच Stephen Fleming का बड़ा बयान, जानें क्या हैं सच्चाई
अंतिम अपडेट: 21 घंटा पहले

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का प्रदर्शन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने अपने शुरुआती चार मुकाबलों में से तीन में हार का सामना किया है, जिससे अंक तालिका में उनकी स्थिति भी कमजोर हुई है। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को लेकर आईपीएल 2025 के दौरान एक बार फिर से रिटायरमेंट की चर्चाएं तेज़ हो गई हैं। टीम के खराब प्रदर्शन के बीच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले से पहले अफवाहें तेज़ थीं कि यह सीजन धोनी का आखिरी हो सकता है। लेकिन अब CSK के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग (Stephen Fleming) ने इन अटकलों पर विराम लगाने वाला बयान दिया है।

IPL 2025: CSK का प्रदर्शन

आईपीएल 2025 में अब तक चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन उनकी प्रतिष्ठा के अनुरूप नहीं रहा है। टीम ने चार में से तीन मुकाबले गंवा दिए हैं। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में टीम ने केवल पहला मैच जीता और उसके बाद तीन लगातार हारों का सामना किया। हाल ही में एमए चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए मुकाबले में 25 रनों की हार के बाद स्थिति और भी चिंताजनक हो गई। इस हार के साथ ही CSK का नेट रनरेट -0.891 हो गया है, जो प्लेऑफ की रेस में टीम की स्थिति को कमजोर करता है।

धोनी के रिटायरमेंट पर कोच Fleming का बयान

मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब स्टीफन फ्लेमिंग से धोनी के संन्यास को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मुझे इसके बारे में कुछ भी नहीं पता। मैं धोनी के साथ काम करके बहुत आनंद ले रहा हूं। वह अब भी बेहद मज़बूत खिलाड़ी हैं। इन दिनों मैं उनसे इस विषय में पूछता भी नहीं हूं।” फ्लेमिंग का यह बयान स्पष्ट करता है कि फिलहाल धोनी के रिटायरमेंट की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में धोनी के माता-पिता की चेपॉक स्टेडियम में मौजूदगी ने इन अटकलों को और हवा दी। कई प्रशंसकों और विशेषज्ञों ने इसे धोनी के "अलविदा सीजन" का संकेत माना। हालांकि, अब तक न तो धोनी और न ही टीम मैनेजमेंट की ओर से रिटायरमेंट को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।

CSK के लिए अब 'करो या मरो' की स्थिति

CSK को अब अपना अगला मुकाबला 8 अप्रैल 2025 को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुल्लांपुर स्टेडियम में खेलना है। अगर टीम प्लेऑफ की दौड़ में बनी रहना चाहती है तो यह मैच जीतना बेहद ज़रूरी है। लगातार हारों और गिरते नेट रनरेट ने टीम के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फिलहाल, एमएस धोनी के रिटायरमेंट को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं।

Leave a comment