UP Politics: यूपी की खैर विधानसभा सीट के समीकरणों में बदलाव, उपचुनाव से पहले मायावती को झटका, बसपा की पूर्व विधायक कांग्रेस में हुई शामिल

UP Politics: यूपी की खैर विधानसभा सीट के समीकरणों में बदलाव, उपचुनाव से पहले मायावती को झटका, बसपा की पूर्व विधायक कांग्रेस में हुई शामिल
Last Updated: 9 घंटा पहले

बसपा को एक बड़ा झटका देते हुए पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. चारु केन ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने उन्हें संगठन की सदस्यता दिलाई। डॉ. चारु केन ने कहा कि वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के 'नारी न्याय' के नारे से प्रेरित होकर कांग्रेस में शामिल हुई हैं।

UP News: खैर विधानसभा पर उपचुनाव से पहले कांग्रेस ने बसपा को एक बड़ा झटका दिया है। बसपा से 2022 में खैर विधानसभा से विधायक प्रत्याशी रहीं, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चौ तेजवीर सिंह गुड्डू की बहु डॉ चारु केन ने शनिवार को नई दिल्ली में स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने चारु केन को संगठन की ऑनलाइन सदस्यता प्रदान की और उनका पार्टी में स्वागत किया। अलका लांबा ने महिला कांग्रेस को सशक्त बनाने और राहुल गांधी जी तथा प्रियंका गांधी जी की नीतियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक ने कांग्रेस में शामिल होने की बताई वजह

पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. चारू केन ने महिला कांग्रेस में शामिल होने के बाद कहा कि वे नेता विपक्ष राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी के नारी न्याय के नारे से प्रेरित होकर कांग्रेस से जुड़ी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बीजेपी के शासन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर और विशेषकर यूपी में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है, जो कि अत्यंत शर्मनाक और चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि अधिकांश महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ होने वाली प्रताड़ना के मामलों में बीजेपी कार्यकर्ताओं की संलिप्तता सामने आई है। चारु केन ने बताया कि बेलगाम महंगाई ने महिलाओं की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। महिलाओं को उनके काम के अनुसार समान वेतन भी नहीं मिल रहा है, और साफ-सफाई की कमी तथा पोषण के कारण वे बीमार हो रही हैं।

चारु केन ने दी अपनी प्रतिक्रिया

चारु केन ने कहा कि कांग्रेस ही महिलाओं की सच्ची समर्थक है। राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा जी महिलाओं को नेतृत्व प्रदान करके उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के माध्यम से लोगों की सेवा करने के लिए जुड़ने का निर्णय लिया है।

इस अवसर पर चारु केन के साथ पूर्व विधायक प्रत्याशी जियाउर्रहमान एड, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष राजा भैया, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव कार्तिक चौधरी एड, रजनी चौधरी, सुधा शर्मा, रेखा सिंह, चंपा चौधरी, भुवनेंद्र सिंह चौधरी, रमेश चंद प्रधान प्रेमपुर, पूरन सिंह भूरगढ़ी, कपिल मालान तकीपुर, शिवम बाल्यान नारायणपुर, अंकित डागर रंजीतगढ़ी, रामवीर सिंह मीरपुर, जयपाल सिंह जल्दगढ़ी सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

चारु केन का सियासी सफर

बसपा से खैर की विधायक प्रत्याशी रही चौधरी तेजवीर सिंह गुड्डू की बहू चारु केन को 65 हजार से ज्यादा मत मिले थे और वह दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं, रालोद का गढ़ मानी जाने वाली खैर विधानसभा में रालोद तीसरे नंबर पर रही। जाट बाहुल्य खैर में चारु केन के कांग्रेस में शामिल होने से भाजपा के समीकरण प्रभावित हुए हैं।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू का जिले में व्यापक प्रभाव है, जिसका लाभ कांग्रेस को मिलना तय है। जाट, मुस्लिम और दलित के गठजोड़ से कांग्रेस भाजपा की परेशानियाँ बढ़ा सकती है। उपचुनाव से ठीक पहले चारु केन के कांग्रेस में शामिल होने की खबरों ने जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस इस बार खैर में सर्वे कराकर ही उपचुनाव में टिकट देने की योजना बना रही है।

 

 

Leave a comment