गाजियाबाद में किराए के विवाद में टीचर दीपशिखा शर्मा की पति-पत्नी किरायेदारों ने हत्या कर दी। 6 महीने का 90 हजार बकाया किराया मांगा था। दंपती ने हत्या के बाद लाश छिपाई, पुलिस ने दोनों को अरेस्ट किया।
Uttar pradesh: गाजियाबाद के सिहानीगेट थाना क्षेत्र की काइमेरा सोसाइटी में एक मामूली किराया विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां रहने वाली 40 वर्षीय दीपशिखा शर्मा, जो एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं, अपने किरायेदारों से छह महीने का बकाया किराया मांगने गई थीं। इसी दौरान उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, दीपशिखा के फ्लैट में रहने वाले अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति ने पिछले छह महीनों से किराया नहीं दिया था। कुल बकाया राशि करीब 90 हजार रुपये हो चुकी थी। दीपशिखा कई बार किराए को लेकर बात कर चुकी थीं, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता था।
घटना वाले दिन भी दीपशिखा किराया मांगने उनके फ्लैट पर पहुंचीं। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और विवाद हिंसा में बदल गया।
इस तरह अंजाम दी गई हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान आकृति ने दीपशिखा के हाथ पकड़ लिए, जबकि अजय ने उनका गला कस दिया। आवाज न निकले, इसके लिए मुंह में चुनरी ठूंस दी गई। इसके बाद आकृति ने प्रेशर कुकर से दीपशिखा के सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी गले की हड्डी टूट गई और मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद दोनों घबरा गए, लेकिन उन्होंने सबूत छिपाने की योजना बनाई। दीपशिखा के शव को लाल रंग के सूटकेस में भर दिया गया। लाश को ठिकाने लगाने के लिए 500 रुपये में ऑटो बुक किया गया, लेकिन सोसाइटी के नीचे दीपशिखा की मेड ने उन्हें देख लिया।
मेड के शक होने पर दंपती डर गए और ऑटो से वापस फ्लैट में लौट आए। इसके बाद उन्होंने शव वाले सूटकेस को बेडरूम के बेड बॉक्स में छिपा दिया।
परिवार के पहुंचते ही खुला राज
उधर, दीपशिखा से संपर्क न हो पाने पर उनके परिजन उनके फ्लैट पर पहुंचे। घर की तलाशी लेने पर बेड बॉक्स में रखा सूटकेस मिला। जब सूटकेस खोला गया, तो उसमें दीपशिखा का शव देखकर सभी सन्न रह गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत अजय और आकृति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली। दीपशिखा की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा, 'मेरी बेटी सिर्फ अपना किराया मांगने गई थी। अगर किराया नहीं देना था तो मना कर देते, लेकिन उसकी जान क्यों ली।'
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या गुस्से और किराए के विवाद के चलते की गई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने पहले से कोई योजना बनाई थी या विवाद के दौरान ही वारदात को अंजाम दिया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।










