आमानाका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नया बायपास पर हेरोइन बेचते अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

आमानाका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नया बायपास पर हेरोइन बेचते अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

आमानाका पुलिस ने पंजाब निवासी अंतरराज्यीय तस्कर को रायपुर में हेरोइन बेचते पकड़ा। आरोपी से 29 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Chhattisgarh: रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतरराज्यीय तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब से हेरोइन लाकर रायपुर में उसकी बिक्री कर रहा था। पुलिस को रविवार को एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बायपास, बिलासपुर रोड पर वीर सिंह चाय ठेला के पास एक युवक नशीला पदार्थ बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए आमानाका पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। संदिग्ध युवक को पकड़कर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 29 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

पंजाब का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम सतनाम सिंह उर्फ लॉडी है। वह मूल रूप से पंजाब के मोगा जिले का रहने वाला है। आरोपी पिछले कुछ समय से रायपुर के जरवाय इलाके में रह रहा था और वहीं से नशे का अवैध कारोबार चला रहा था।

प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पंजाब से हेरोइन लाकर रायपुर और आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई करता था। पुलिस को आशंका है कि इस पूरे नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। इसी दिशा में पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीला पदार्थ कहां से आता था और किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।

ऑपरेशन निश्चय के तहत लगातार कार्रवाई

आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि आमानाका पुलिस की यह कार्रवाई ऑपरेशन निश्चय के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके संपर्क में रहे अन्य तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है। एसएसपी ने बताया कि जनवरी महीने में रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

इन आरोपियों के पास से हेरोइन, गांजा और नशीली गोलियां बरामद की गई थीं। पुलिस का कहना है कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे के कारोबार से जुड़ी कोई गतिविधि नजर आए, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। समय पर दी गई जानकारी से नशे के नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिल सकती है और युवाओं को इस घातक लत से बचाया जा सकता है।

Leave a comment