अजमेर में मां ने अपनी 3 साल की बेटी को आनासागर झील में फेंक कर हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर आरोपी अंजलि सिंह को गिरफ्तार कर पूरे मामले का राजफाश किया।
अजमेर: राजस्थान के अजमेर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपनी 3 साल की बेटी काव्या उर्फ आरू को आनासागर झील में फेंककर हत्या कर दी। घटना के कुछ ही घंटों में क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस ने आरोपी मां अंजलि सिंह उर्फ प्रिया को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया।
अंजलि सिंह ने बच्ची को झील में फेंका
पुलिस के अनुसार, अंजलि सिंह ने बच्ची को पहले अपने गोद में लाकर सुलाया। बच्ची की नींद गहरी होने पर उसने उसे आनासागर झील में फेंक दिया। झील में डूबने से मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महिला ने बाद में पूछताछ में स्वीकार किया कि वह बच्ची का पालन-पोषण करने में असमर्थ थी और इसी वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
सीसीटीवी कैमरे में महिला की करतूत कैद हो गई। कैमरे में देखा गया कि महिला बच्ची को गोद में लेकर घूम रही थी और फिर झील की ओर ले गई। इससे पुलिस को मामले की सच्चाई समझने में मदद मिली।
महिला ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की
क्रिश्चियनगंज थाना क्षेत्र में रात की गश्त पर मौजूद हेडकांस्टेबल गोविंद ने सुबह करीब 4 बजे अंजलि सिंह और उसके साथी अल्केश गुप्ता को सड़क पर देखा। दोनों ने खुद को लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाला बताया।
महिला ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि उनकी 3 वर्षीय बेटी रात 10 बजे अचानक गायब हो गई। उन्होंने दावा किया कि बच्ची सिटी हॉस्पिटल के पीछे नाले की पुलिया से लापता हो गई। हालांकि, पुलिस ने महिला की कहानी पर शक किया और गहन पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में मां ने कबूला अपराध
डीएसपी रूद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई। इसके बाद उसने बच्ची की हत्या करने की बात स्वीकार की। महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आनासागर झील में तलाशी अभियान चलाया और मामले की पुष्टि की।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्थानीय लोग इस खौफनाक मामले से स्तब्ध हैं और पुलिस की तेजी से कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।