उत्तर प्रदेश के लिए दीपावली के बाद सबसे बड़ा तोहफा आ रहा है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने नोएडा स्थित जेवर क्षेत्र में बनने वाले नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 30 अक्टूबर 2025 को करने की तारीख की घोषणा की है।
नई दिल्ली: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने घोषणा की है कि नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 30 अक्टूबर 2025 को किया जाएगा। उद्घाटन के 45 दिन बाद हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन शुरू होने की उम्मीद है। यह ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में स्थित है, जो दिल्ली से लगभग 75 किलोमीटर की दूरी पर है। इसका मतलब है कि 20 अक्टूबर की दीपावली के ठीक बाद, 30 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश को एक बड़ा तोहफा मिलने वाला है।
जेवर हवाई अड्डा: यूपी और NCR के लिए गेमचेंजर
जेवर हवाई अड्डा गौतम बुद्ध नगर जिले में स्थित है और दिल्ली से लगभग 75 किलोमीटर दूर है। यह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा, जो दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाद सेवा देगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा, हम उद्घाटन को और जल्दी करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि इसे जल्द ही लोगों के लिए उपलब्ध करवा सकें। एयरलाइंस जेवर हवाई अड्डे से परिचालन के लिए बहुत उत्साहित हैं।
मंत्री नायडू ने यह भी बताया कि उद्घाटन के बाद कम से कम 10 शहरों से हवाई सेवाएं शुरू की जाएंगी। यह हवाई अड्डा केवल यात्री उड़ानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कार्गो संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस प्रकार यह हवाई अड्डा एक रणनीतिक हब के रूप में कार्य करेगा।
निर्माण और निवेश
जेवर एयरपोर्ट का निर्माण उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल में किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरपोर्ट का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह उत्तर भारत का सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा। एनसीआर क्षेत्र को इस एयरपोर्ट के संचालन से प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उद्योग जगत और यात्री इसके चालू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
जेवर एयरपोर्ट का महत्व केवल यात्रियों तक सीमित नहीं है। यह कार्गो और व्यापार संचालन के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। बड़े उद्योग और व्यापारिक प्रतिष्ठान इसका उपयोग करके अपने माल और संसाधनों को तेज़ी से पहुंचा सकते हैं। केंद्रीय मंत्री नायडू ने कहा, यह हवाई अड्डा रणनीतिक दृष्टि से भी अहम है। हम चाहते हैं कि एयरलाइंस और व्यवसाय इसके माध्यम से तेजी से लाभ उठा सकें।