उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक की अल्मोड़ा शाखा में दो करोड़ रुपये की स्वीकृत ऋण सीमा को बढ़ाकर सात करोड़ रुपये करने के मामले में पूर्व एमडी समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अल्मोड़ा: अल्मोड़ा सहकारी बैंक ऋण घोटाला मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक की अल्मोड़ा शाखा में कथित अनियमितताओं के आधार पर पूर्व प्रबंध निदेशक, बैंक अधिकारियों और ऋणी फर्म से जुड़े लोगों सहित छह आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
दो करोड़ की मंजूरी, सात करोड़ का ऋण जारी करने का आरोप
उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक की अल्मोड़ा शाखा में करोड़ों रुपये के ऋण वितरण में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। वर्तमान शाखा प्रबंधक की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूर्व प्रबंध निदेशक सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायत के अनुसार बैंक प्रबंध समिति ने 3 मई 2017 को मैसर्स मां नंदा बिल्डकाम प्राइवेट लिमिटेड के लिए दो करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट सीमा के नवीनीकरण को मंजूरी दी थी। आरोप है कि इसके विपरीत 25 मई 2017 को सात करोड़ रुपये की ऋण सीमा का स्वीकृति पत्र जारी कर दिया गया।
दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों में अनियमितता का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि ऋण स्वीकृत करते समय बैंक के निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। जांच में सामने आया कि ऋण के बदले कम मूल्य की संपत्ति को गिरवी स्वीकार किया गया और कोलेटरल सिक्योरिटी समेत कई दस्तावेजों में कथित रूप से हेराफेरी की गई।
बैंक प्रबंधन का आरोप है कि स्वीकृत सीमा से अधिक ऋण जारी कर नियमों की अनदेखी की गई, जिससे बैंक के धन को जोखिम में डाला गया। मामले में जांच रिपोर्ट, विधिक राय और प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई की गई।
पूर्व एमडी समेत छह लोगों पर दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में तत्कालीन प्रबंध निदेशक दीपक कुमार, तत्कालीन महाप्रबंधक धर्मवीर सिंह, तत्कालीन सहायक महाप्रबंधक कर्ण सिंह बिष्ट, तत्कालीन शाखा प्रबंधक मनोज राणा तथा ऋणी कंपनी के निदेशक आनंद सिंह चौहान और एक अन्य संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बैंक प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि ऋण स्वीकृति प्रक्रिया में धोखाधड़ी, कूटरचना और दस्तावेजों में हेराफेरी कर बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच
अल्मोड़ा कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की विस्तार से जांच की जाएगी। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे प्रकरण की वित्तीय और दस्तावेजी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










