बेतिया में बड़ी ATM चोरी, गैस कटर से दो मशीनें काटीं; 23.52 लाख की नकदी लेकर फरार

बेतिया में चोरों ने गैस कटर से दो SBI ATM काटकर 23.52 लाख रुपये चोरी कर लिए। दोनों वारदातें 2 घंटे में हुईं। CCTV में इनोवा कार दिखी, पुलिस जांच में जुटी।

बेतिया में गुरुवार रात चोरों ने गैस कटर से दो SBI एटीएम काटकर 23.52 लाख रुपये चोरी कर लिए। दोनों वारदातें दो घंटे में हुईं। आरोपी इनोवा कार से आए थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच में जुटी है।

Bihar: बेतिया जिले में गुरुवार रात अपराधियों ने पुलिस और बैंक सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। शातिर चोरों ने पहले नौतन थाना क्षेत्र और फिर नगर थाना क्षेत्र में SBI के ATM को निशाना बनाया। दोनों घटनाओं के बीच महज दो घंटे का अंतर था, जिससे यह साफ हो गया कि वारदात किसी एक संगठित गिरोह ने की है।

पहली चोरी नौतन थाना क्षेत्र के गहीरी चौक स्थित SBI ATM में रात करीब 11 बजे हुई। यहां चोरों ने गैस कटर की मदद से ATM मशीन को काटा और करीब 11 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।

इसके बाद रात करीब 1 बजे नगर थाना क्षेत्र के आलोक भारती स्कूल के पास स्थित SBI ATM को निशाना बनाया गया। यहां से चोरों ने 12 लाख 52 हजार रुपये निकाल लिए। इस तरह कुल 23 लाख 52 हजार रुपये की चोरी हुई।

पूरी तैयारी 

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने ऐसे ATM चुने, जहां कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। ATM में घुसते ही अपराधियों ने सबसे पहले CCTV कैमरों पर ब्लैक स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

इसके बाद गैस कटर से ATM मशीन को काटा गया। चोरों ने नकाब पहन रखा था और हाथों में ग्लव्स थे, जिससे फिंगरप्रिंट भी न मिल सके। वारदात के बाद वे अपने साथ लाया गया सारा सामान भी लेकर चले गए। मौके पर ऐसा कुछ नहीं छोड़ा गया, जिससे पहचान हो सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह किसी नए गिरोह की नहीं, बल्कि अनुभवी अपराधियों की करतूत लगती है, जो पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

CCTV में दिखी इनोवा

हालांकि ATM के अंदर लगे कैमरे बंद कर दिए गए थे, लेकिन आसपास के CCTV कैमरों में देर रात एक इनोवा कार दोनों जगहों के पास आती-जाती दिखाई दी है। पुलिस को शक है कि अपराधी इसी इनोवा कार से आए थे और वारदात के बाद उसी से फरार हो गए।

अब पुलिस उस इनोवा कार की पहचान और नंबर का पता लगाने में जुटी है। जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। टोल प्लाजा की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि कार की मूवमेंट ट्रैक की जा सके।

FSL और डॉग स्क्वायड जांच में जुटे

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना और नौतन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ATM के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया। इसके बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से तकनीकी साक्ष्य जुटाए।

डॉग स्क्वायड को भी जांच में लगाया गया है, ताकि अपराधियों के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों घटनाओं की जांच एक साथ की जा रही है और सभी तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

नौतन थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि बैंक अधिकारियों से पुष्टि के बाद गहीरी चौक ATM से करीब 11 लाख रुपये चोरी की बात सामने आई है। वहीं नगर क्षेत्र में हुई चोरी में 12 लाख 52 हजार रुपये गायब पाए गए हैं।

एक ही गिरोह की आशंका

सदर SDPO विवेक दीप ने कहा कि दोनों घटनाओं के तरीके, समय और CCTV फुटेज से साफ है कि इसमें एक ही गिरोह शामिल हो सकता है। पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अपराधियों को ATM में रखी नकदी की जानकारी पहले से थी या उन्होंने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया।

Leave a comment