भागलपुर में विक्रमशिला पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद आम लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां नई नवेली दुल्हन की विदाई नाव से कराई गई।
दुल्हन शादी के बाद अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ नाव पर बैठकर गंगा नदी पार करती नजर आईं। घाट पर मौजूद लोग इस अनोखी विदाई को देखते रह गए। कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नवविवाहिता ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार नाव में सफर किया। शुरुआत में थोड़ा डर जरूर लगा, लेकिन बाद में यह सफर अच्छा लगने लगा। उन्होंने कहा कि शादी के बाद ऐसा अनुभव जिंदगीभर याद रहेगा।
भागलपुर में विक्रमशिला पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद लोगों को लंबा चक्कर लगाकर यात्रा करनी पड़ रही है। कई इलाकों में सड़क मार्ग प्रभावित होने के कारण लोग नाव का सहारा लेने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुल की समस्या का असर सबसे ज्यादा शादी-ब्याह, व्यापार और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। कई बार लोगों को घंटों तक घाट पर इंतजार करना पड़ता है।
दुल्हन के परिजनों ने बताया कि सड़क मार्ग से ससुराल पहुंचना बेहद मुश्किल था। लंबी दूरी और जाम से बचने के लिए नाव से गंगा पार कराने का फैसला लिया गया। परिवार के लोगों ने कहा कि परिस्थितियां कठिन जरूर हैं, लेकिन यह विदाई यादगार बन गई।
बिहार में गंगा नदी पर बना विक्रमशिला पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला अहम मार्ग माना जाता है। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद लाखों लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
घाटों पर इन दिनों यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। नाविकों का कहना है कि पहले जहां सीमित लोग सफर करते थे, अब सुबह से रात तक नावें यात्रियों से भरी रहती हैं।











