भोपाल के गौतम नगर स्थित एक होटल में हिंदू युवती के साथ मिले मुस्लिम युवक को लेकर विवाद हो गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और जांच शुरू की।
Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गौतम नगर इलाके में स्थित एक होटल में युवक-युवती के मिलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर पहुंचे हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की और होटल में हंगामा किया। पुलिस के अनुसार युवती ने किसी तरह की जबरदस्ती से इनकार किया है। मामले की जांच जारी है।
होटल में युवक-युवती मिलने के बाद मचा हंगामा
भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र स्थित गौतम नगर के प्राइड होटल में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि एक मुस्लिम युवक होटल के कमरे में हिंदू युवती के साथ ठहरा हुआ है। सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग होटल पहुंच गए और सीधे कमरे तक पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया।
![]()
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमरे के बाहर काफी देर तक बहस और शोरगुल चलता रहा। भीड़ को देखकर युवती बाथरूम में चली गई थी। वीडियो में कुछ लोग दरवाजा खुलवाने और तोड़ने की बात करते भी सुनाई दे रहे हैं। बाद में युवती बाहर आई, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
युवक को बाहर लाकर की गई मारपीट
हंगामे के दौरान युवक को होटल से बाहर लाया गया। आरोप है कि इस दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए और कई लोगों ने उसके साथ मारपीट की। वायरल वीडियो में युवक के चेहरे पर गोबर और कालिख जैसी चीजें लगाते हुए भी कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से निकालकर थाने ले गई। पुलिस ने होटल परिसर खाली करवाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
युवती ने जबरदस्ती से किया इनकार
पुलिस पूछताछ में युवती ने किसी प्रकार की जबरदस्ती या दबाव से इनकार किया है। उसने बताया कि वह युवक को पिछले करीब पांच वर्षों से जानती है और दोनों आपसी सहमति से होटल में मिले थे। युवती ने यह भी कहा कि वह किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती।
बताया जा रहा है कि युवती अयोध्यानगर इलाके की रहने वाली है, जबकि युवक की पहचान जहांगीराबाद निवासी आरिफ खान के रूप में हुई है। दोनों घटना से कुछ घंटे पहले ही होटल पहुंचे थे।
युवक के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरिफ खान के खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर कुछ मामले अदालत में भी लंबित बताए जा रहे हैं। हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, होटल के रिकॉर्ड और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और मारपीट के आरोपों की भी जांच की जाएगी।









