कंबोडिया-थाईलैंड सीमा संघर्ष के दौरान चीनी निर्मित रॉकेट लॉन्चर लॉन्च के समय फट गया। हादसे में 8 कंबोडियाई सैनिकों की मौत हो गई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद चीनी हथियारों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठे।
Cambodia-Thailand War: कंबोडिया और थाईलैंड के बीच जारी सीमा संघर्ष के दौरान एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस टकराव में चीन निर्मित रॉकेट लॉन्चर लॉन्च के दौरान ही फट गया। इस हादसे में थाईलैंड पर रॉकेट दाग रहे 8 कंबोडियाई सैनिकों की मौत हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर चीनी हथियारों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह घटना कंबोडिया-थाईलैंड सीमा के पास हुई है। बताया जा रहा है कि जिस समय कंबोडियाई सैनिक चीनी रॉकेट लॉन्चर से हमला कर रहे थे, उसी वक्त रॉकेट सिस्टम में विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद सैनिकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
लॉन्च के दौरान ही फटा चीनी रॉकेट
मिली जानकारी के अनुसार, चीन निर्मित MLRS टाइप 90B रॉकेट सिस्टम लॉन्चिंग के दौरान ही फेल हो गया। यह विस्फोट उस समय हुआ जब कंबोडियाई सेना थाईलैंड की ओर रॉकेट दाग रही थी। रॉकेट लॉन्च होते ही सिस्टम में जोरदार धमाका हुआ और पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया।
इस हादसे में कम से कम 8 कंबोडियाई सैनिकों की मौत की पुष्टि हुई है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लॉन्चिंग के दौरान अचानक विस्फोट होता है और कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका धुएं और आग से भर जाता है।
वायरल VIDEO ने बढ़ाई हलचल

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। वीडियो को देखकर साफ समझा जा सकता है कि यह हादसा लाइव लॉन्चिंग के दौरान हुआ। वीडियो के वायरल होते ही चीनी हथियारों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं।
इससे पहले भी अलग-अलग देशों में चीनी हथियारों के फेल होने की खबरें सामने आती रही हैं। लेकिन इस बार मामला और गंभीर इसलिए हो गया है क्योंकि इसमें सीधे तौर पर सैनिकों की जान चली गई है।
कंबोडिया का चीन पर भरोसा डगमगाया
लाइव लॉन्चिंग के दौरान हुए इस विस्फोट ने कंबोडिया का चीन पर भरोसा कमजोर कर दिया है। कंबोडियाई सेना लंबे समय से चीनी हथियारों का इस्तेमाल कर रही है। लेकिन इस तरह की घटना ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या ये हथियार युद्ध के हालात में भरोसेमंद हैं।
यह हादसा ऐसे समय पर हुआ है जब कंबोडिया और थाईलैंड के बीच सीमा पर तनाव लगातार बढ़ रहा है। दोनों देशों के बीच यह संघर्ष दक्षिण पूर्व एशिया में वर्षों में देखी गई सबसे तीव्र सीमा झड़पों में से एक बनता जा रहा है।
बार-बार फेल हो रहे चीनी हथियार
यह पहली बार नहीं है जब चीनी हथियार किसी संघर्ष के दौरान फेल हुए हों। इससे पहले भी कई मौकों पर चीन के बनाए हथियारों को लेकर सवाल उठ चुके हैं। इस घटना के बाद फिर यह चर्चा तेज हो गई है कि युद्ध के हालात में चीनी हथियार कितने भरोसेमंद हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में कंबोडिया और थाईलैंड के बीच चल रहे सीमा संघर्ष के दौरान चीनी टाइप 90B रॉकेट सिस्टम में बार-बार खराबी की खबरें आई हैं। दिसंबर 2025 में भी ऐसे कई मामले दर्ज होने की बात कही जा रही है।









