भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। दो दिवसीय सम्मेलन में BRICS सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता भी हिस्सा लेंगे।
नई दिल्ली: भारत 12 और 13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। दो दिवसीय यह सम्मेलन भारत मंडपम में आयोजित होगा, जहां BRICS सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के साथ साझेदार तथा आमंत्रित देशों के नेता भी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में होने वाले इस सम्मेलन में वैश्विक शासन, बहुपक्षीय सहयोग, नवाचार, सतत विकास और समावेशी आर्थिक वृद्धि जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
शिखर सम्मेलन के दौरान औपचारिक बैठकों के अलावा नेताओं की सामूहिक तस्वीर, प्रदर्शनी का दौरा, संयुक्त पौधारोपण और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से आयोजित रात्रिभोज जैसे कार्यक्रम भी निर्धारित हैं। इससे पहले 11 सितंबर को BRICS व्यापार मंच और महिला व्यापार गठबंधन की बैठक भी भारत मंडपम में आयोजित की जाएगी।
2026 में भारत के पास BRICS की अध्यक्षता
भारत ने 1 जनवरी 2026 को BRICS की अध्यक्षता संभाली। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह चौथा अवसर है जब भारत इस समूह की अध्यक्षता कर रहा है। भारत ने इस वर्ष की अध्यक्षता के लिए लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सततता पर केंद्रित थीम तय की है। नई दिल्ली में होने वाला मुख्य शिखर सम्मेलन इसी व्यापक एजेंडे के तहत आयोजित किया जा रहा है।
भारत की अध्यक्षता में BRICS के भीतर आर्थिक सहयोग के साथ-साथ वैश्विक संस्थाओं में सुधार और विकासशील देशों की भूमिका से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
12 सितंबर: पहले दिन सदस्य देशों की बैठक

शिखर सम्मेलन के पहले दिन BRICS सदस्य देशों के नेताओं के कार्यक्रमों पर मुख्य रूप से ध्यान रहेगा। दिन की शुरुआत नेताओं के आगमन से होगी, जिसके बाद बंद कमरे में एक महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किया जाएगा। 12 सितंबर को दोपहर 2:35 बजे BRICS सदस्य देशों के नेताओं का बंद सत्र प्रस्तावित है। इसका विषय ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करना’ होगा। इस दौरान वैश्विक संस्थाओं को अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण बनाने और बहुपक्षीय व्यवस्था को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा हो सकती है।
इसके बाद शाम 4:25 बजे नेता ‘भारत इनोवेट्स एग्जीबिशन’ का दौरा करेंगे। इसके बाद सामूहिक तस्वीर और संयुक्त पौधारोपण समारोह का आयोजन होगा। दिन का प्रमुख औपचारिक कार्यक्रम शाम 7:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में आयोजित रात्रिभोज होगा।
13 सितंबर: साझेदार और आमंत्रित देशों की भागीदारी
शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन BRICS की गतिविधियों का दायरा और व्यापक होगा। 13 सितंबर को सदस्य देशों के अलावा BRICS साझेदार देशों और आमंत्रित देशों के नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 9:55 बजे नेताओं के आगमन का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद सुबह 10:35 बजे आधिकारिक सामूहिक तस्वीर ली जाएगी। यह तस्वीर सम्मेलन में शामिल प्रमुख नेताओं की एक साथ मौजूदगी को दर्ज करेगी।
इसके बाद सुबह 10:50 बजे खुला सत्र शुरू होगा। इस सत्र का विषय ‘मजबूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी: समावेशी ग्लोबल ग्रोथ के लिए भविष्य को आकार देना’ रखा गया है। चर्चा में वैश्विक आर्थिक विकास, तकनीकी नवाचार, टिकाऊ विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े मुद्दों पर जोर रहने की संभावना है।












