अलावड़ा कस्बे में शिव मंदिर रामलीला ग्राउंड पर आयोजित भव्य श्याम वंदना महोत्सव और भजन संध्या में श्रद्धा और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। हारे के सहारा बाबा श्याम हमारा मंडल और ग्रामवासियों के सहयोग से हुए इस आयोजन की शुरुआत अखंड ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।
अलावड़ा: शिव मंदिर रामलीला ग्राउंड में सोमवार को हारे के सहारा बाबा श्याम हमारा मंडल एवं ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से भव्य श्याम वंदना महोत्सव और भजन संकीर्तन संध्या का आयोजन उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पुजारी पंडित सुनील खेड़ापति द्वारा श्याम बाबा की प्रतिमा के समक्ष अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर की गई, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा फैल गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह सैनी उपस्थित रहे, जबकि हीरालाल गुर्जर, अशोक सोनी, चिम्मनलाल व्याख्याता, इनायत खान, पंच आसम खान, शिवचरण सैनी और छोटे लाल सोनी सहित कई गणमान्यजन विशिष्ट अतिथि रहे। सभी अतिथियों का स्वागत माला, साफा, पटका एवं श्याम बाबा की प्रतिमा भेंट कर किया गया।
मंच की अध्यक्षता सरपंच जुम्मा खान ने की। आयोजन में भक्तों की भारी भीड़ रही और देर रात तक भजन संकीर्तन का दौर चलता रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में डूबकर बाबा श्याम के जयकारे लगाए।
मनमोहक झांकियों और भजनों ने बांधा समा
अलावड़ा के शिव मंदिर रामलीला ग्राउंड में आयोजित श्याम वंदना महोत्सव में सांई शक्ति ग्रुप की राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, अघोरी तांडव और गोरिल्ला जैसी आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडाल लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
भजन गायक रवि सोनी, भजन सम्राट विकास अग्रवाल (कानपुर) और नेहा शर्मा (अलवर) ने “श्याम बाबा तेरी कृपा से…” और “बाबा श्याम तेरा दरबार है…” जैसे भक्तिमय भजनों से वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। श्रद्धालु देर रात तक झूमते और जयकारे लगाते रहे।
भव्य दरबार व दिव्य सजावट
बाबा श्याम का दरबार इस वर्ष विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बना रहा। परिसर को फूलों, रोशनियों और पारंपरिक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरा पंडाल आलौकिक आभा से चमक उठा। खाटू धाम से लाए गए बाबा श्याम के पावन शीश को मंच पर विशेष विधि-विधान से विराजित किया गया, जहां श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दर्शन के लिए उमड़ती रहीं।
बाबूलाल एंड म्यूजिकल्स ग्रुप की मधुर धुनों ने आयोजन को और भव्य बना दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत श्याम भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। इत्र और पुष्प वर्षा ने माहौल को और अधिक दिव्यता प्रदान की। बाबा श्याम को छप्पन भोग एवं चूरमा का भोग अर्पित कर भक्तों ने अपनी आस्था व्यक्त की।
महाआरती और महाप्रसाद वितरण
कार्यक्रम के अंतिम चरण में खाटू श्याम बाबा की महाआरती अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव से संपन्न की गई। ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच की गई इस आरती से पंडाल भक्तिरस से भर उठा। आरती के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर बाबा श्याम के चरणों में अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं।
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को छप्पन भोग का महाप्रसाद वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और भक्त शामिल हुए। आयोजन में प्रवीण सोनी, रमेश प्रजापत, संजय कालरा सहित कई स्थानीय लोग सक्रिय रूप से जुड़े रहे, जिससे कार्यक्रम की व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से संचालित होती रहीं।











