छपरा रैली में चिराग पासवान ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि लोजपा (रामविलास) बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने इशारों में सीएम नीतीश कुमार पर निशाना भी साधा।
Chirag Paswan News: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार की राजनीति में बड़ा ऐलान किया है। छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित नव संकल्प महासभा में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हर सीट पर चिराग पासवान खड़ा होगा, यानी उम्मीदवार उनके नेतृत्व और विचारधारा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इशारों में नीतीश कुमार पर हमला
चिराग पासवान ने मंच से बिना नाम लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें बिहार आने से रोकने की साजिश की जा रही है, लेकिन वह किसी से डरने वाले नहीं हैं। इस बयान को सीधे तौर पर नीतीश कुमार के खिलाफ राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
चिराग पासवान की सभा में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे कार्यक्रम में जबरदस्त जोश देखा गया। समर्थकों ने अपने नेता के फैसले का स्वागत किया और लोजपा (रामविलास) के लिए पूरे राज्य में चुनावी अभियान तेज करने की बात कही।
एनडीए में बढ़ सकती है खटास?
चिराग पासवान के इस ऐलान के बाद राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एनडीए गठबंधन में अंदरूनी मतभेद गहराने की आशंका है। हालांकि खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि एनडीए की एकता बनी रहेगी। लेकिन चिराग के सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के निर्णय को गठबंधन की रणनीति से भटकाव माना जा सकता है।
पहले भी कर चुके हैं आक्रामक राजनीति
यह पहला मौका नहीं है जब चिराग पासवान ने अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ा था और जदयू के खिलाफ सीधे मोर्चा खोला था। हालांकि तब पार्टी को सीमित सफलता मिली थी, लेकिन जदयू को नुकसान जरूर हुआ था।
बिहार में जारी है सियासी दौरा
चिराग पासवान लगातार बिहार में जनसभाएं कर रहे हैं। नालंदा में हाल ही में उन्होंने एक बड़ी रैली की थी जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे थे। छपरा की सभा को भी उन्होंने सियासी मिशन की तरह प्रस्तुत किया। उनके लगातार आयोजनों से यह स्पष्ट हो रहा है कि वे इस बार चुनावी रणनीति को बेहद आक्रामक तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं।