खालिस्तानी आतंकी संगठन SFJ ने CM भगवंत मान को 15 अगस्त के दिन फरीदकोट में निशाना बनाने की धमकी दी है। पन्नू ने वीडियो में लैंड पूलिंग पर लोगों को भड़काने और खालिस्तान समर्थित नारे लिखवाने का दावा भी किया।
CM Bhagwant Mann Threat: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। आतंकी संगठन के सरगना गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो जारी कर सीएम मान को 15 अगस्त के दिन फरीदकोट में अपने निशाने पर बताया है। इस धमकी ने पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
वीडियो में दी धमकी, 15 अगस्त को बताया 'टारगेट डे'
गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो में कहा कि 15 अगस्त को भगवंत मान SFJ के निशाने पर होंगे। आतंकी ने सीधे तौर पर चेतावनी दी कि इस दिन सीएम को गंभीर खतरा है। पन्नू ने यह भी कहा कि उसके आतंकी इस दिन फरीदकोट में भगवंत मान को निशाना बना सकते हैं।
लैंड पूलिंग को लेकर लोगों को भड़काने की कोशिश
पन्नू ने इस वीडियो में पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति के खिलाफ लोगों को भड़काने का प्रयास किया है। उसने किसानों को उकसाने की कोशिश करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास किया। यह एक सुनियोजित रणनीति के तहत किया गया दुष्प्रचार माना जा रहा है।
खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखवाने का दावा
आतंकी पन्नू ने दावा किया कि उसके समर्थकों ने अमृतसर के बस स्टैंड, खालसा कॉलेज, कुछ मंदिरों और कोर्ट परिसर की दीवारों पर "खालिस्तान जिंदाबाद" के नारे लिखे हैं। हालांकि, इन जगहों पर ऐसा कोई नारा सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिया है। इससे पन्नू के दावे पर संदेह खड़ा हो गया है।
भारत में दर्ज हैं 36 से अधिक मुकदमे
गुरपतवंत सिंह पन्नू पर भारत में देशविरोधी गतिविधियों को लेकर 36 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पंजाब पुलिस सहित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को वह लंबे समय से वांटेड है। उसके खिलाफ देशद्रोह, आतंक फैलाने, सामाजिक वैमनस्य भड़काने, और हथियारों की तस्करी जैसे संगीन आरोप हैं।