दरभंगा में एक सनसनीखेज वारदात में हार्डवेयर दुकान के एक कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि बदमाश कर्मचारी के पास मौजूद करीब 2.5 लाख रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कर्मचारी दुकान की दिनभर की बिक्री के ₹2.5 लाख नकद लेकर दुकान मालिक के घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।









