बिहार के दरभंगा में पानी की बोतल के पैसे को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद साहु और उसके नाबालिग बेटे को पुलिस ने आम के बगीचे से गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
दरभंगा: दरभंगा के बहेड़ा थाना क्षेत्र में पानी की बोतल विवाद हत्या मामला में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी प्रमोद साहु और उसके नाबालिग बेटे प्रभात साहु को संयुक्त पुलिस टीम ने घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के एक आम के बगीचे से गिरफ्तार किया। दोनों पर पानी की बोतल के पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद युवक पर जानलेवा हमला करने का आरोप है।
आम के बगीचे से दबोचे गए पिता-पुत्र
दरभंगा पुलिस ने घनश्यामपुर थाना की मदद से सोमवार देर रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रमोद साहु और उसके नाबालिग बेटे प्रभात साहु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों पाली गांव के एक आम के बगीचे में छिपे हुए हैं। घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद प्रमोद साहु को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि नाबालिग होने के कारण प्रभात साहु को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
पानी की बोतल के पैसे को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 25 जून की रात मोतीपुर गांव में प्रमोद साहु ने एक दुकान से पानी की बोतल खरीदी थी। जब दुकानदार चंदन साहु ने पैसे मांगे तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रमोद साहु ने धारदार हथियार से चंदन साहु और उसके छोटे भाई धनवीर साहु उर्फ गोलू पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल धनवीर साहु की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चंदन साहु का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
चार लोगों के खिलाफ दर्ज है मामला
मृतक की मां पवित्री देवी की शिकायत पर पुलिस ने प्रमोद साहु, उसकी पत्नी ललिता देवी, बेटे प्रभात साहु और उसके साले संतोष साहु के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले में ललिता देवी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी संतोष साहु की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। जांच अधिकारी अनुराधा कुमारी ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










