देवरी में छह महीने पहले लापता युवक प्रिंस की हत्या का खुलासा हुआ है। पत्नी के पूर्व प्रेमी ने पत्थर से हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में छिपाया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नरकंकाल बरामद किया है।
Madhya Pradesh: सागर जिले के देवरी कस्बे में अगस्त 2025 से लापता युवक प्रिंस वाल्मीकि के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब छह महीने तक गुमशुदगी के रूप में दर्ज इस केस ने अब हत्या का रूप ले लिया है। जांच में सामने आया कि युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया था, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने सोमवार को संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।
पत्नी के पूर्व प्रेमी ने रची थी हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार मृतक प्रिंस वाल्मीकि, पिता राजेश वाल्मीकि, उम्र 22 वर्ष, लक्ष्मीनगर बहेरिया सागर का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी तुलसी बाई के साथ देवरी में रह रहा था। 20 अगस्त 2025 को वह अचानक लापता हो गया था। दो दिन तक जब वह घर नहीं लौटा, तो 22 अगस्त को उसकी पत्नी ने देवरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान परिजनों ने तुलसी बाई के पूर्व प्रेमी शोएब, निवासी देवरी, पर शक जताया था। पुलिस ने इसी संदेह के आधार पर शोएब को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसके मृतक की पत्नी से अवैध संबंध थे और वह प्रिंस को रास्ते से हटाना चाहता था।
शराब के नशे में की गई थी बेरहमी से हत्या
![]()
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त की रात प्रिंस शराब के नशे में देवरी के गांधी वार्ड स्थित सनसाईन स्कूल के पीछे बने ग्राउंड में बैठा था। इसी दौरान मौका पाकर उसने पत्थर से प्रिंस के सिर पर हमला कर दिया।
हमला इतना खतरनाक था कि मौके पर ही प्रिंस की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पास ही बने सेप्टिक टैंक में धकेल दिया, ताकि किसी को वारदात का पता न चल सके।
सेप्टिक टैंक से खोपड़ी और हड्डियां बरामद
आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची। सोमवार रात सेप्टिक टैंक की खुदाई कराई गई, जहां से मानव कंकाल के अवशेष बरामद किए गए। मौके से खोपड़ी, हड्डियां और अन्य अवशेष जब्त किए गए हैं।
सूचना मिलते ही सागर से एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। नरकंकाल को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
डीएनए जांच से होगी अंतिम पुष्टि
पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में नरकंकाल लापता प्रिंस वाल्मीकि का ही प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अंतिम और कानूनी पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।
देवरी थाना प्रभारी समरथ सीनम ने बताया कि आरोपी शोएब के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।












