दिल्ली में स्कूल फीस कानून को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के पास है। कोर्ट इस मामले की सुनवाई 2 फरवरी को करेगा। जहां अदालत ने कानून के लागू होने और असर पर सवाल उठाए हैं, वहीं सरकार इसे पारदर्शिता के लिए अहम मान रही है।
क्या है पूरा मामला
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्कूलों की फीस को नियंत्रित करने के लिए हाल ही में लागू किए गए एक नए कानून को लेकर विवाद चल रहा है। इसी कानून को चुनौती देते हुए प्राइवेट अनएडेड स्कूलों के संगठनों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल फैसला टाल दिया है।
जस्टिस पी. एस. नरसिम्हा और जस्टिस विजय बिश्नोई की पीठ ने दिल्ली सरकार के अनुरोध पर सुनवाई को टाल दिया। दिल्ली सरकार की ओर से ASG एस. वी. राजू ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है, लेकिन समाधान के लिए एक और बैठक आवश्यक है।
2 फरवरी को होगी अगली सुनवाई
![]()
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को 2 फरवरी को दोबारा सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लेगा। इस याचिका में दिल्ली स्कूल एजुकेशन (फीस निर्धारण और रेगुलेशन में पारदर्शिता) एक्ट, 2025 और उसके तहत बनाए गए नियमों को चुनौती दी गई है।
प्राइवेट स्कूलों का कहना है कि यह कानून उनकी स्वायत्तता में दखल देता है, जबकि दिल्ली सरकार का दावा है कि इससे अभिभावकों को राहत मिलेगी और फीस वसूली में पारदर्शिता आएगी।
कानून लागू करने के समय पर कोर्ट की आपत्ति
इससे पहले 19 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार से सवाल किया था कि जब शैक्षणिक सत्र पहले ही शुरू हो चुका है, तब इस कानून को लागू करने का क्या औचित्य है। कोर्ट ने संकेत दिया था कि बीच सत्र में ऐसे नियम लागू करने से स्कूलों और अभिभावकों दोनों को परेशानी हो सकती है।
दिल्ली सरकार ने हाल ही में इस कानून को अधिसूचित किया है। इसमें स्कूल फीस के लिए स्वीकृत मदें, लेखा-जोखा रखने की प्रक्रिया और अतिरिक्त शुल्क पर रोक जैसे प्रावधान शामिल हैं। इसके अलावा कैपिटेशन फीस लेने और तय सीमा से अधिक राशि वसूलने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।











