कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने सोमवार को कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू पर तीखा हमला बोला है। डिप्टी सीएम ने उन्हें ‘मुख्यमंत्री पद के लिए 500 करोड़ रुपये’ वाली टिप्पणी के संदर्भ में ‘पागलों के किसी अस्पताल’ में भर्ती होने की सलाह दे दी।
नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति में नवजोत कौर सिद्धू के बयान को लेकर नया विवाद सामने आया है। कर्नाटक के डिप्टी सीएम और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू को लेकर तीखी टिप्पणी की और उन्हें “पागलों के किसी अस्पताल” में भर्ती कराने की सलाह दे डाली। इस बयान ने पंजाब और कर्नाटक दोनों राज्यों की राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।
500 करोड़ रुपये के सूटकेस का बयान
मामला शुरू हुआ नवजोत कौर सिद्धू के बयान से, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि “जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बनता है।” इस टिप्पणी के बाद पंजाब में राजनीतिक हलचल तेज हो गई और बीजेपी तथा आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। नवजोत कौर का यह बयान 2027 विधानसभा चुनाव और नवजोत सिंह सिद्धू के मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरे बनने से जुड़ा हुआ था।
उन्होंने कहा था कि यदि कांग्रेस पार्टी नवजोत सिंह सिद्धू को आगामी चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करती है, तो उनके पति सक्रिय राजनीति में लौट सकते हैं।
![]()
डीके शिवकुमार की विवादित प्रतिक्रिया
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने सोमवार को नवजोत कौर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “उन्हें किसी अच्छे पागलों के अस्पताल में भर्ती कराया जाना चाहिए। शिवकुमार की यह टिप्पणी सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गई और पंजाब में राजनीतिक बहस का विषय बन गई। शिवकुमार के बयान ने कांग्रेस के भीतर भी हलचल पैदा की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विपक्षी दल इसे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का हिस्सा मान रहे हैं।
नवजोत कौर ने दिया सफाई
सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने इस मामले पर अपनी सफाई भी दी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि उनका बयान तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आशय किसी को ठेस पहुँचाने या विवाद पैदा करने का नहीं था। नवजोत कौर ने कहा कि वे हमेशा पंजाब और पंजाबियत की बात करती हैं और उनका मकसद केवल राजनीतिक चर्चा को रचनात्मक रूप देना था।
नवजोत सिंह सिद्धू पूर्व में पंजाब कांग्रेस के प्रमुख रह चुके हैं और उनकी राजनीतिक छवि काफी मजबूत मानी जाती है। उनके मुख्यमंत्री पद के दावों और नवजोत कौर के बयानों ने पंजाब में राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।








