फतेहपुर के बिलखानी गांव में गैस सिलेंडर लीक होने से जोरदार धमाका हो गया। हादसे में 9 लोग झुलस गए, जिनमें से 8 को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित बिलखानी गांव में गैस सिलेंडर लीक होने से बड़ा हादसा हो गया। दो कमरों वाले मकान में हुए जोरदार धमाके के बाद आग लग गई, जिसमें घर के लोग और बचाव के लिए पहुंचे अन्य लोग भी झुलस गए। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
गैस लीक होने के बाद हुआ धमाका
पुलिस के मुताबिक बिलखानी गांव के एक मकान में सिलेंडर से गैस रिसाव हो रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया और घर में आग लग गई। हादसे के समय मकान के अंदर 6 लोग मौजूद थे।
![]()
धमाके के बाद आसपास के लोग बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन इस दौरान तीन अन्य लोग भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। इस तरह कुल 9 लोग हादसे में घायल हुए हैं।
घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाया अस्पताल
एसपी अभिमन्यु मंगलिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को पहले मालवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 8 लोगों को कानपुर रेफर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया गया, ताकि इलाज में देरी न हो।
डीएम और पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण
घटना के बाद जिला प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। डीएम और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डॉक्टरों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में गैस सिलेंडर से रिसाव को ही धमाके की वजह माना जा रहा है। वहीं प्रशासन ने कानपुर में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया है, ताकि घायलों के इलाज की निगरानी की जा सके।












