वायदा बाजार में दो दिन की तेजी के बाद शुक्रवार को सोने की कीमत में गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों के सतर्क रुख के बीच सोने का भाव 431 रुपये गिरकर 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
Gold-Silver Price Today: घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली। हालिया तेजी के बाद दोनों कीमती धातुओं पर मुनाफावसूली का दबाव दिखाई दिया। इसके साथ ही अमेरिका के महत्वपूर्ण गैर-कृषि रोजगार आंकड़ों से पहले निवेशकों ने भी सतर्क रुख अपनाया। इन आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी ब्याज दर नीति को लेकर संकेत मिलने की उम्मीद है।
एमसीएक्स पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना शुक्रवार को 431 रुपये यानी 0.28 फीसदी की गिरावट के साथ 1,55,344 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इस गिरावट के साथ वायदा बाजार में सोने की लगातार दो कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया।
सोने की कीमत में क्यों आई गिरावट?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने की कीमतों में हालिया तेजी के बाद कुछ निवेशकों ने मुनाफा वसूली की, जिससे कीमतों पर दबाव बना। इसके अलावा अमेरिकी नॉनफार्म पेरोल्स यानी गैर-कृषि रोजगार के आंकड़ों के जारी होने से पहले बाजार में सावधानी का माहौल रहा। नॉनफार्म पेरोल्स अमेरिका के सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों में शामिल है। इसमें कृषि क्षेत्र के कर्मचारियों के अलावा निजी घरेलू कर्मचारियों और गैर-लाभकारी संगठनों के कर्मचारियों को छोड़कर अर्थव्यवस्था में पिछले महीने जुड़े रोजगारों की संख्या का अनुमान मिलता है।
इन आंकड़ों का असर अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड पर पड़ सकता है। यही वजह है कि सोने जैसी सुरक्षित निवेश वाली संपत्तियों पर भी इसका असर देखने को मिलता है। वैश्विक बाजार में भी सोने की कीमतों में मामूली नरमी रही। न्यूयॉर्क में दिसंबर डिलीवरी वाला कॉमेक्स गोल्ड फ्यूचर हल्की गिरावट के साथ 4,528.54 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया। लेमन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग के मुताबिक, बाजार की नजर अमेरिकी रोजगार आंकड़ों पर है, क्योंकि इनके आधार पर डॉलर, बॉन्ड यील्ड और कीमती धातुओं की आगे की दिशा तय हो सकती है।
चांदी के भाव में भी गिरावट
![]()
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी शुक्रवार को कमजोरी दर्ज की गई। घरेलू वायदा बाजार में चांदी 749 रुपये यानी 0.31 फीसदी गिरकर 2,41,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी के लिए चांदी का वायदा भाव 749 रुपये की गिरावट के साथ 2,41,600 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
हालिया तेजी के बाद निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली किए जाने को चांदी की कीमत में गिरावट की प्रमुख वजह माना जा रहा है। इस गिरावट के साथ चांदी में भी लगातार दो कारोबारी सत्रों से जारी तेजी का सिलसिला थम गया।
आज का रिटेल Gold-Silver Price
वायदा बाजार में गिरावट के बावजूद खुदरा बाजार में आज सोने के भाव में मामूली तेजी दर्ज की गई है। 24 कैरेट सोने की कीमत 1,56,670 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जो पिछले दिन के मुकाबले 10 रुपये अधिक है। इसी तरह 22 कैरेट सोना 1,43,610 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। इसकी कीमत में भी पिछले दिन की तुलना में 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
दूसरी ओर, चांदी के खुदरा भाव में मामूली कमी आई है। आज चांदी की कीमत 2,499 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जो पिछले दिन से 1 रुपये कम है। इस हिसाब से 100 ग्राम चांदी 24,990 रुपये में मिल रही है। वहीं, 1 किलोग्राम चांदी की कीमत 2,49,900 रुपये है। पिछले दिन के मुकाबले इसमें 100 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है।









