16 मई को गोरखपुर में 392.94 करोड़ रुपये की लागत वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास होगा। यह परियोजना खेल सुविधाओं के साथ रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर और दक्षिणांचल के शहरी विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 मई को ताल नदौर में प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम परियोजना का शिलान्यास करेंगे। करीब 50 एकड़ में बनने वाला यह आधुनिक स्टेडियम ICC मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा। परियोजना के जरिए क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, कारोबार और कनेक्टिविटी को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
गोरखपुर-वाराणसी मार्ग स्थित ताल नदौर में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। प्रदेश सरकार की मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फिलहाल साइट पर मिट्टी भराई और जमीन समतलीकरण का काम जारी है, जिसमें अब तक करीब आधा कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई है।
![]()
परियोजना के लिए पहली किश्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। प्रशासन का लक्ष्य स्टेडियम को दिसंबर 2027 तक पूरी तरह तैयार करने का है।
ICC मानकों के अनुसार विकसित होगी खेल सुविधा
करीब 50 एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। मुख्य परिसर में लगभग 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। यहां सात मुख्य पिच और चार प्रैक्टिस पिच तैयार की जाएंगी, ताकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आयोजित किए जा सकें।
इसके अलावा परिसर में कॉर्पोरेट बॉक्स, प्रेसिडेंशियल सुइट, मीडिया लाउंज, HDTV ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम और हाई मास्ट LED लाइटिंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। ऊर्जा बचत को ध्यान में रखते हुए सोलर पैनल और आधुनिक HVAC सिस्टम भी लगाए जाएंगे।
रोजगार और स्थानीय कारोबार को मिलेगा फायदा
स्टेडियम परियोजना का असर केवल खेल क्षेत्र तक सीमित नहीं रहने वाला है। निर्माण और संचालन के दौरान स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है। साथ ही होटल, रेस्टोरेंट, ट्रांसपोर्ट और छोटे व्यापार से जुड़े लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिल सकता है।
बेहतर सड़क संपर्क और एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन व बस अड्डे से आसान कनेक्टिविटी की वजह से आसपास के क्षेत्रों में शहरी विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।









