ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड रखने वाले ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। बैंक ने कुछ कार्ड पर मिलने वाला मुफ्त बीमा और INOX मूवी ऑफर खत्म करने का फैसला किया है। कार्ड खोने या खराब होने पर नया कार्ड बनवाने का खर्च भी बढ़ जाएगा। बदलाव 25 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 के बीच लागू होंगे।
बिजनेस डेस्क: अगर आपके पास ICICI बैंक का क्रेडिट कार्ड है तो एक बार उस पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी जरूर देख लें। बैंक ने नवंबर और दिसंबर में कार्ड से जुड़े कुछ नियम बदलने का फैसला किया है। सबसे ज्यादा असर उन ग्राहकों पर पड़ेगा, जो अपने कार्ड से मुफ्त इंश्योरेंस और सिनेमा टिकट का फायदा लेते हैं।
इसके अलावा कार्ड गुम होने या खराब होने पर नया कार्ड निकलवाने के लिए भी अब ज्यादा पैसे देने पड़ेंगे। बैंक ने इन बदलावों के लिए अलग-अलग तारीखें तय की हैं। इसलिए जरूरी नहीं कि हर कार्डधारक पर सभी नए नियम लागू हों।
क्रेडिट कार्ड खो गया तो नया बनवाने के लिए देने होंगे ज्यादा पैसे
ICICI बैंक ने कार्ड रिप्लेसमेंट की फीस बढ़ा दी है। अभी किसी ग्राहक का क्रेडिट कार्ड खो जाता है या खराब हो जाता है, तो उसे नया कार्ड लेने के लिए 200 रुपये और GST देना पड़ता है। लेकिन 11 दिसंबर 2026 से यही काम कराने पर 300 रुपये और GST चुकाना होगा। यानी अब कार्ड बदलवाने में पहले से 100 रुपये ज्यादा खर्च होंगे।
हालांकि, बैंक ने अपने तीन प्रीमियम कार्ड को इस बदलाव से बाहर रखा है। इनमें Emeralde Private Metal, 1838 Reserve और Times Black शामिल हैं। इन कार्ड के लिए पहले से तय अलग शुल्क लागू रहेंगे। बिजनेस और कॉरपोरेट क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए नई फीस थोड़ी पहले लागू होगी। ऐसे कार्डधारकों को 25 नवंबर से ही कार्ड रिप्लेसमेंट के लिए 300 रुपये और GST देना पड़ेगा।
15 दिसंबर से इन क्रेडिट कार्ड पर नहीं मिलेगा मुफ्त बीमा
ICICI बैंक के कई क्रेडिट कार्ड के साथ ग्राहकों को बिना अलग शुल्क दिए कुछ बीमा सुविधाएं मिलती हैं। इनमें हवाई दुर्घटना से जुड़ा इंश्योरेंस भी शामिल है। अब बैंक ने चुनिंदा कार्ड पर यह सुविधा बंद करने का फैसला किया है। 15 दिसंबर 2026 से Emeralde Private Metal, Times Black, Emeralde, Emeralde Private, Diamant, Sapphiro और Rubyx क्रेडिट कार्ड पर मुफ्त एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस और उससे जुड़े बीमा लाभ नहीं मिलेंगे।
कुछ कार्ड पर यात्रा रद्द करने से जुड़ी बीमा सुविधा भी खत्म हो रही है। इसे Cancellation For Any Reason यानी CFAR कवर कहा जाता है। यह बदलाव Emeralde Private Metal, Times Black, Emeralde और Emeralde Private कार्ड पर लागू होगा। वहीं, Parakram और Parakram Select क्रेडिट कार्ड रखने वालों को भी अब पहले जैसा मुफ्त बीमा नहीं मिलेगा। इन कार्ड पर मिलने वाला पर्सनल एक्सीडेंट और एयर एक्सीडेंट कवर भी 15 दिसंबर से बंद हो जाएगा।
ऐसे में जो ग्राहक यात्रा के दौरान अपने क्रेडिट कार्ड से मिलने वाले बीमा पर निर्भर रहते हैं, उन्हें आगे के लिए दूसरी व्यवस्था देखनी पड़ सकती है। खासकर हवाई यात्रा करने वालों को कार्ड के नए नियम अच्छी तरह पढ़ लेने चाहिए।
INOX में मुफ्त मूवी देखने की सुविधा भी होगी बंद
क्रेडिट कार्ड से फिल्म देखने जाने वालों को भी इस बार झटका लगने वाला है। ICICI बैंक कुछ कार्ड पर मिलने वाला कॉम्प्लिमेंट्री INOX मूवी बेनिफिट बंद कर रहा है। यह बदलाव भी 15 दिसंबर 2026 से लागू होगा। बैंक के फैसले का असर Rubyx, Coral, Expressions और Chennai Super Kings क्रेडिट कार्ड पर पड़ेगा। इसके अलावा MakeMyTrip Platinum, MakeMyTrip Signature, MakeMyTrip, HPCL Super Saver और Emirates Rubyx कार्ड भी इस बदलाव में शामिल हैं।
इन कार्ड के जरिए जो ग्राहक अभी मुफ्त INOX बेनिफिट ले रहे हैं, उन्हें तय तारीख के बाद वह सुविधा नहीं मिलेगी। हालांकि, कार्ड पर मिलने वाले दूसरे मूवी ऑफर या छूट जरूरी नहीं कि बंद हो जाएं। उनकी जानकारी संबंधित कार्ड की नई शर्तों में देखी जा सकती है।
विदेश में भुगतान करने पर कितना बढ़ेगा चार्ज?
ICICI Bank ने चुनिंदा बिजनेस और कॉरपोरेट क्रेडिट कार्ड के इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन चार्ज में भी बदलाव किया है। 25 नवंबर 2026 से इन कार्ड पर Dynamic Currency Conversion यानी DCC फीस 1 फीसदी से बढ़कर 3.50 फीसदी हो जाएगी। DCC चार्ज उस स्थिति में लग सकता है, जब कोई ग्राहक विदेश में अपने क्रेडिट कार्ड से भारतीय रुपये में भुगतान करता है। भारत में मौजूद ऐसे ऑनलाइन कारोबारियों को रुपये में भुगतान करने पर भी यह शुल्क लग सकता है, जिनका पंजीकरण विदेश में है।
यह बदलाव Business Black Advantage, Business Blue Advantage, Travel Agent Card और Business Platinum सहित चुनिंदा बिजनेस, कॉरपोरेट और परचेज कार्ड पर लागू होगा। इसलिए विदेश यात्रा या अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन भुगतान से पहले अपने कार्ड पर लागू DCC और फॉरेक्स शुल्क जरूर जांच लें।
Priority Pass बदलवाने पर भी देने होंगे पैसे
क्रेडिट कार्ड के साथ मिलने वाले Priority Pass से जुड़ा एक और नियम बदल रहा है। अभी चुनिंदा प्रीमियम कार्ड ग्राहकों को Priority Pass रिप्लेसमेंट की सुविधा मुफ्त मिलती है। लेकिन 11 दिसंबर 2026 से इसके लिए 300 रुपये और GST देना होगा। इस बदलाव के दायरे में Emeralde, Emeralde Private, Sapphiro, Times Black, Diamant और कुछ MakeMyTrip सहित अन्य प्रीमियम कार्ड शामिल हैं। यह शुल्क नया Priority Pass जारी कराने या रिप्लेस कराने से जुड़ा है। इसे एयरपोर्ट लाउंज में प्रवेश की फीस नहीं समझना चाहिए।









