अगर आपको शक है कि आपके नाम पर कोई फर्जी SIM चल रहा है, तो चिंता की जरूरत नहीं। सरकार के Sanchar Saathi पोर्टल पर एक आसान टूल से आप कुछ ही मिनटों में पता लगा सकते हैं कि आपके नाम पर कितनी SIMs रजिस्टर्ड हैं।
टेक न्यूज़: देश में डिजिटल फ्रॉड और साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच अब SIM कार्ड फ्रॉड एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है। कई मामलों में लोगों के नाम पर बिना जानकारी के कई सिम कार्ड एक्टिव पाए गए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी या अन्य अवैध गतिविधियों में किया गया। ऐसे में सरकार ने नागरिकों को अपनी मोबाइल कनेक्शन की जानकारी खुद जांचने का एक आसान तरीका दिया है — Sanchar Saathi पोर्टल के जरिए।
दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा संचालित यह पोर्टल नागरिकों को यह जानने में मदद करता है कि उनके नाम या आधार कार्ड पर कितने मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड हैं। इस सुविधा का नाम है TAFCOP (Telecom Analytics for Fraud Management and Consumer Protection), जिसका उद्देश्य टेलीकॉम सेक्टर में पारदर्शिता और यूजर सुरक्षा बढ़ाना है।
SIM फ्रॉड क्यों बढ़ रहा है?
बीते कुछ वर्षों में ऑनलाइन पहचान चोरी (Identity Theft) और मोबाइल नंबर से जुड़े साइबर फ्रॉड में खतरनाक वृद्धि देखी गई है। स्कैमर्स अक्सर किसी व्यक्ति की आधार या पर्सनल डिटेल्स का गलत इस्तेमाल करके नए SIM कार्ड एक्टिवेट कर लेते हैं।
ऐसे SIM कार्ड्स का उपयोग फिशिंग, फेक लोन कॉल्स, OTP फ्रॉड या अन्य वित्तीय धोखाधड़ी में किया जाता है। कई बार पीड़ित व्यक्ति को तब पता चलता है जब उसके नाम पर दर्ज नंबर का इस्तेमाल अपराध में हो चुका होता है।
क्या कहता है सरकारी नियम?

भारत सरकार ने कुछ साल पहले मोबाइल नंबर को आधार से लिंक करना अनिवार्य कर दिया था ताकि किसी भी यूजर की पहचान ट्रैक की जा सके।
- एक व्यक्ति के नाम पर अधिकतम 9 SIM कार्ड एक्टिव हो सकते हैं।
- जम्मू-कश्मीर, असम और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए यह सीमा 6 SIM कार्ड तक सीमित है।
अगर किसी व्यक्ति के नाम पर तय सीमा से ज्यादा SIM कार्ड एक्टिव हैं, तो DoT की ओर से स्वतः नोटिफिकेशन भेजा जाता है।
Sanchar Saathi पोर्टल से ऐसे करें SIM कार्ड की जांच
सरकार के Sanchar Saathi पोर्टल (sancharsaathi.gov.in) पर जाकर आप आसानी से यह पता लगा सकते हैं कि आपके नाम पर कितने मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड हैं।
स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया:
- अपने ब्राउज़र में sancharsaathi.gov.इन ओपन करें।
- होमपेज पर ‘Citizen Centric Services’ सेक्शन में जाएं।
- वहां ‘Know Your Mobile Connections’ विकल्प पर क्लिक करें।
- अब अपना 10 अंकों का मोबाइल नंबर और कैप्चा कोड डालें।
- आपके मोबाइल पर एक OTP (वन टाइम पासवर्ड) भेजा जाएगा — उसे दर्ज करें।
अब स्क्रीन पर आपके आधार या अन्य ID से जुड़े सभी एक्टिव मोबाइल नंबरों की पूरी सूची दिखाई देगी।
अगर मिले कोई संदिग्ध नंबर तो क्या करें?
अगर आपको कोई ऐसा मोबाइल नंबर दिखे जो आपका नहीं है या जिसका इस्तेमाल आप नहीं करते, तो घबराने की जरूरत नहीं। पोर्टल में ही आप उसे आसानी से रिपोर्ट कर सकते हैं —
- ‘Not My Number’ पर क्लिक करें ताकि वह नंबर बंद किया जा सके।
- किसी पुराने या बंद नंबर के लिए ‘Not Required’ विकल्प चुनें।
जैसे ही आप शिकायत दर्ज करते हैं, संबंधित टेलीकॉम कंपनी उस नंबर की जांच करती है और पुष्टि के बाद उसे डीएक्टिवेट कर देती है।













