लखनऊ के पारा में शुक्रवार को सर्वोदय विद्यालय के करीब 450 छात्रों ने शिक्षकों की कमी और अन्य सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने पर मंत्री असीम अरुण मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की।
लखनऊ: मोहान रोड स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने शुक्रवार को शिक्षकों की कमी समेत स्कूल की विभिन्न समस्याओं को लेकर पारा में प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। इसी दौरान समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण का काफिला जाम में फंस गया, जिसके बाद उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और विद्यालय प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए।
शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क पर उतरे छात्र
मोहान रोड स्थित सर्वोदय विद्यालय के छात्रों का कहना है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण कई कक्षाओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने मांग की कि खाली पदों पर जल्द पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था की जाए, ताकि पाठ्यक्रम समय पर पूरा हो सके।

शुक्रवार को छात्र बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर बैठ गए और पोस्टर लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शन के कारण बुद्धेश्वर से मोहान की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
जाम में फंसे मंत्री, छात्रों से की बातचीत
प्रदर्शन की सूचना पर पारा पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया। करीब एक घंटे बाद दोपहर 1:20 बजे यातायात सामान्य कराया जा सका। इस दौरान आगरा एक्सप्रेसवे पर भी कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
इसी जाम में समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण का काफिला भी फंस गया। उन्होंने गाड़ी से उतरकर छात्रों से बातचीत की। इसके बाद छात्रों को विद्यालय परिसर में ले जाया गया, जहां मंत्री ने उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं।
विद्यालय में इस सत्र में करीब 450 छात्र पढ़ रहे हैं। यहां विद्यार्थियों के रहने, खाने और पढ़ाई की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
खेल, लाइब्रेरी और कोचिंग को लेकर भी शिकायतें
विद्यालय के ऑडिटोरियम में छात्रों ने शिक्षकों की कमी के अलावा खेलकूद के सामान, बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई और लाइब्रेरी का इस्तेमाल नहीं कर पाने जैसी समस्याएं भी मंत्री के सामने रखीं।
NEET और JEE की तैयारी के लिए संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग में केमिस्ट्री शिक्षक की कमी की शिकायत भी छात्रों ने की। छात्रों की समस्याएं सुनने के बाद असीम अरुण ने विद्यालय प्रशासन से जवाब मांगा और समाधान का आश्वासन दिया।
मंत्री ने कहा कि बच्चों की समस्याओं को दूर करना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए पिछले वर्ष अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन हाईकोर्ट से रोक लगने के कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई। इस मामले में 17 अगस्त को सुनवाई निर्धारित है।











