Meta ने चुपचाप ‘Forum’ नाम से एक नया सोशल मीडिया ऐप लॉन्च किया है, जिसे हाल ही में iOS ऐप स्टोर पर बिना किसी आधिकारिक घोषणा के देखा गया। यह प्लेटफॉर्म मुख्य रूप से डिस्कशन और कन्वर्सेशन पर केंद्रित है और माना जा रहा है कि इसका ढांचा काफी हद तक Reddit जैसा हो सकता है।
टेक्नोलॉजी न्यूज़: दुनिया की प्रमुख टेक कंपनी Meta Platforms ने चुपचाप एक नया सोशल मीडिया ऐप ‘Forum’ लॉन्च किया है, जिसे हाल ही में iOS App Store पर देखा गया। हालांकि कंपनी की ओर से इसका कोई बड़ा आधिकारिक लॉन्च इवेंट नहीं किया गया, लेकिन यह ऐप सोशल मीडिया और कम्युनिटी डिस्कशन की दुनिया में एक नया बदलाव ला सकता है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म काफी हद तक Reddit की तरह काम करेगा, जहां यूजर्स विभिन्न विषयों पर चर्चा, सवाल-जवाब और कम्युनिटी आधारित बातचीत कर सकेंगे।
डिस्कशन और कम्युनिटी पर फोकस
‘Forum’ ऐप को विशेष रूप से डिस्कशन-आधारित सोशल नेटवर्किंग के लिए डिजाइन किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को उनकी रुचियों, हॉबीज और लोकल कम्युनिटी से जोड़ना है। यह ऐप निम्न क्षेत्रों पर केंद्रित बताया जा रहा है—
- निच (विशेष) हॉबीज और रुचियां
- लोकल रेकमेंडेशन्स
- सपोर्ट ग्रुप्स और कम्युनिटी डिस्कशन
- गहन और अर्थपूर्ण बातचीत
Meta का लक्ष्य उपयोगकर्ताओं को ऐसे प्लेटफॉर्म पर लाना है जहां वे केवल कंटेंट स्क्रॉल न करें, बल्कि सक्रिय रूप से चर्चा में भाग लें।
Facebook अकाउंट से लॉगिन और इंटीग्रेशन

Forum ऐप की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक इसका Facebook इंटीग्रेशन है। उपयोगकर्ता अपने मौजूदा Facebook अकाउंट से इस ऐप में लॉगिन कर सकते हैं। इसके साथ ही, Facebook ग्रुप्स की जानकारी Forum में सिंक हो जाएगी। यूजर प्रोफाइल और एक्टिविटी डेटा स्वचालित रूप से ट्रांसफर हो सकता है. Forum से साझा की गई पोस्ट Facebook ग्रुप्स में भी दिखाई देंगी। हालांकि, Facebook ग्रुप्स अपनी जगह Facebook पर ही बने रहेंगे, यानी यह एक अतिरिक्त डिस्कशन लेयर की तरह काम करेगा।
Forum ऐप यूजर्स को एक महत्वपूर्ण सुविधा देता है—निकनेम (पेन नेम) के साथ पोस्ट करने का विकल्प। इसका मतलब है कि यूजर अपनी असली पहचान छिपाकर भी चर्चाओं में भाग ले सकते हैं। यह फीचर खासतौर पर उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकता है जो संवेदनशील विषयों पर खुलकर राय देना चाहते हैं या गोपनीयता बनाए रखना चाहते हैं।
AI-पावर्ड फीचर्स और ‘Ask’ बटन
Meta ने इस नए प्लेटफॉर्म में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भी उपयोग किया है। ऐप में एक खास ‘Ask’ बटन शामिल किया गया है, जो कई ग्रुप्स से एक साथ जवाब इकट्ठा करके यूजर्स को तेज और सटीक सुझाव देता है। इसके अलावा, एक AI-पावर्ड टैब भी है जो यूजर्स को चर्चाओं और कम्युनिटी इनसाइट्स के आधार पर तुरंत जवाब और जानकारी प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। ग्रुप एडमिन्स के लिए भी AI टूल्स उपलब्ध कराए गए हैं, जो कंटेंट मॉडरेशन और कम्युनिटी मैनेजमेंट में मदद करेंगे।
Reddit को मिल सकती है टक्कर?
App Store लिस्टिंग के अनुसार, Forum का इंटरफेस सरल और बातचीत-केंद्रित है। इसका मुख्य फीड उपयोगकर्ता के जुड़े हुए ग्रुप्स की चर्चाओं को दिखाता है। यूजर्स, चल रही चर्चाओं को फॉलो कर सकते हैं. वहीं से बातचीत जारी रख सकते हैं जहां उन्होंने छोड़ा था. विभिन्न ग्रुप्स में हो रही बातचीत को एक जगह देख सकते हैं. यह डिजाइन इसे पारंपरिक सोशल मीडिया फीड से अलग बनाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, Meta का यह नया कदम सीधे तौर पर Reddit जैसे कम्युनिटी प्लेटफॉर्म्स को चुनौती दे सकता है। Forum का फोकस भी ओपन डिस्कशन और कम्युनिटी इंटरैक्शन पर है, जो Reddit की मुख्य ताकत मानी जाती है। हालांकि Meta का फायदा इसका विशाल यूजर बेस और Facebook इकोसिस्टम के साथ गहरा इंटीग्रेशन है, जो इसे तेजी से ग्रो करने में मदद कर सकता है।











