हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। इन दोनों मैचों में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज हैदराबाद टीम की कप्तानी संभालेंगे, जबकि चामा मिलिंद को उपकप्तान बनाया गया है।
Mohammed Siraj Captaincy: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए हैदराबाद टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सी.वी. मिलिंद को उपकप्तान बनाया गया है। यदि सिराज राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारियों के कारण उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो मिलिंद हैदराबाद की कप्तानी संभालेंगे।
पहले दो मुकाबलों के लिए टीम का ऐलान
हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों के लिए टीम चुनी है। इस टीम में अनुभवी बल्लेबाज तन्मय अग्रवाल और राहुल सिंह के अलावा दो विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल रादेश तथा साई प्रग्नय रेड्डी को शामिल किया गया है। टीम में एम. अभिरथ रेड्डी, के. हिमा तेजा, वरुण गौड़, तनय त्यागराजन, अनिकेत रेड्डी, रक्षण रेड्डी, अजय देव गौड़, रुथिक यादव मेंडे और साई विकास रेड्डी भी शामिल हैं। टीम की कप्तानी सिराज करेंगे, जबकि सी.वी. मिलिंद को उपकप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है।
हैदराबाद की 15 सदस्यीय टीम
- मोहम्मद सिराज (कप्तान)
- सी.वी. मिलिंद (उपकप्तान)
- तन्मय अग्रवाल
- एम. अभिरथ रेड्डी
- राहुल सिंह
- के. हिमा तेजा
- राहुल रादेश (विकेटकीपर)
- साई प्रग्नय रेड्डी (विकेटकीपर)
- वरुण गौड़
- तनय त्यागराजन
- अनिकेत रेड्डी
- रक्षण रेड्डी
- अजय देव गौड़
- रुथिक यादव मेंडे
- साई विकास रेड्डी
11 अक्टूबर से शुरू होगा हैदराबाद का अभियान

रणजी ट्रॉफी 2026-27 में हैदराबाद अपना पहला मुकाबला 11 अक्टूबर से त्रिपुरा के खिलाफ खेलेगा। यह मैच 11 से 14 अक्टूबर तक निर्धारित है। इसके बाद टीम का सामना आंध्र प्रदेश से होगा। दूसरा मुकाबला 18 से 21 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा। हैदराबाद की टीम को रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी में रखा गया है। इस ग्रुप में कर्नाटक, पंजाब और सौराष्ट्र समेत कई टीमें शामिल हैं।
शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम घोषित करने का फैसला इस बात को ध्यान में रखते हुए किया गया है कि मोहम्मद सिराज की राष्ट्रीय टीम के साथ व्यस्तताएं हो सकती हैं।
सिराज को पहले भी मिल चुकी है कप्तानी की जिम्मेदारी
मोहम्मद सिराज के पास हैदराबाद की कप्तानी का अनुभव पहले से मौजूद है। पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में भी उन्होंने मुंबई और छत्तीसगढ़ के खिलाफ हैदराबाद का नेतृत्व किया था। अब एक बार फिर टीम प्रबंधन ने उन पर भरोसा जताया है। हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन की वरिष्ठ चयन समिति ने 11 सितंबर को सिराज को कप्तान और सी.वी. मिलिंद को उपकप्तान नियुक्त करने की घोषणा की थी। एसोसिएशन के अनुसार, सिराज की अनुपलब्धता की स्थिति में मिलिंद टीम की कमान संभालेंगे।










