MP Police Constable GD Recruitment 2026: 7500 पदों पर आवेदन शुरू, 8वीं से 12वीं पास करें अप्लाई

MP Police Constable GD भर्ती 2026 के 7500 पदों पर आवेदन शुरू हो गया है। 10वीं-12वीं और ST वर्ग के 8वीं पास उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।

मध्य प्रदेश पुलिस कॉन्स्टेबल GD भर्ती 2026 के 7500 पदों पर आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू हो गई है। योग्य उम्मीदवार 6 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती में अलग-अलग वर्गों के लिए शैक्षणिक योग्यता निर्धारित है।

भोपाल: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस कॉन्स्टेबल जनरल ड्यूटी के 7500 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। भर्ती के लिए सामान्य उम्मीदवारों को 10वीं या 12वीं पास होना जरूरी है, जबकि अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए 8वीं पास योग्यता निर्धारित की गई है।

7500 पदों के लिए शुरू हुआ आवेदन

MPESB की ओर से मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक यानी कॉन्स्टेबल (General Duty/GD) के कुल 7500 रिक्त पदों को भरने के लिए यह भर्ती आयोजित की जा रही है। आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 6 अक्टूबर 2026 तक फॉर्म जमा कर सकते हैं।

इस भर्ती में भारत के किसी भी राज्य के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। सामान्य शैक्षणिक योग्यता के तहत अभ्यर्थी को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्था से 10+2 प्रणाली के तहत 10वीं या 12वीं की परीक्षा अथवा इसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए। अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास निर्धारित की गई है।

उम्र सीमा और आवेदन शुल्क

उम्मीदवार की उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। मध्य प्रदेश के सामान्य और EWS वर्ग तथा अन्य राज्यों के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 33 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।

आवेदन शुल्क की बात करें तो अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये और मध्य प्रदेश के आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। विभागीय उम्मीदवारों के लिए अनारक्षित श्रेणी में 200 रुपये और आरक्षित श्रेणी में 100 रुपये शुल्क निर्धारित है। कियोस्क के माध्यम से आवेदन करने पर 60 रुपये तथा रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर के माध्यम से लॉग इन करके आवेदन करने पर 20 रुपये पोर्टल शुल्क अलग से देना होगा।

कैसे करें ऑनलाइन आवेदन

अभ्यर्थियों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाना होगा। यहां हिंदी या अंग्रेजी भाषा का विकल्प चुनने के बाद होम पेज पर Online Form - Police Constable (G.D.) Recruitment Test - 2026 लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद मांगी गई जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन करना होगा।

रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद लॉग इन करके आवेदन फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरनी होगी। निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि पूरी तरह भरे हुए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रख लें।

लिखित परीक्षा के बाद होगा फिजिकल टेस्ट

चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षण और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में शामिल होना होगा। सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।

चयनित उम्मीदवारों को 19,500 रुपये से 62,000 रुपये मासिक वेतन के साथ अन्य निर्धारित भत्ते भी दिए जाएंगे। अभ्यर्थी भर्ती की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मापदंड, शुल्क और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक भर्ती अधिसूचना जरूर देखें।

Leave a comment