ICAI ने 6 नवंबर को CA Foundation सितंबर 2026 परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। कंसिका और महक गुप्ता ने 90.25 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहली रैंक प्राप्त की है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट से अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
नई दिल्ली: सीए फाउंडेशन की सितंबर परीक्षा देने वाले छात्रों का रिजल्ट का इंतजार खत्म हो गया है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने शुक्रवार, 6 नवंबर को CA Foundation Result 2026 जारी कर दिया है। इस बार दो छात्राओं ने बराबर अंक हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अपना रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर ऑनलाइन रिजल्ट देख सकते हैं।
कंसिका और महक गुप्ता ने हासिल की पहली रैंक
सीए फाउंडेशन सितंबर सेशन के नतीजों में हिसार की कंसिका और हैदराबाद की महक गुप्ता ने संयुक्त रूप से टॉप किया है। दोनों ने 400 में से 361 अंक हासिल किए हैं। उनका कुल स्कोर 90.25 प्रतिशत रहा है।
![]()
दूसरी रैंक पर भी दो उम्मीदवार रहे। अजमेर के स्पर्श खंडेलवाल और चेन्नई के जे. जयनथ ने 359 अंक हासिल किए। दोनों का स्कोर 89.75 प्रतिशत रहा। वहीं, ग्वालियर की वैभवी सिंघल 358 अंकों और 89.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
ICAI की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक, इस परीक्षा में कुल 1,04,240 उम्मीदवार शामिल हुए थे। इनमें से 19,736 छात्र सफल रहे। इस तरह सितंबर सेशन का कुल पास प्रतिशत 18.93 फीसदी दर्ज किया गया है।
CA Foundation Result 2026 कैसे चेक करें?
सितंबर सेशन में सीए फाउंडेशन की परीक्षा देने वाले छात्र अब अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके लिए ICAI की वेबसाइट caresults.icai.org पर जाना होगा। यहां CA Foundation September 2026 Result का लिंक मिलेगा। इस पर क्लिक करने के बाद अपना रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर भरना है। अगर स्क्रीन पर कैप्चा कोड दिखाई दे, तो उसे भी दर्ज करें। सबमिट करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर आ जाएगा।
रिजल्ट खुलने पर छात्र अपने सभी विषयों के नंबर देख सकेंगे। इसमें कुल कितने अंक मिले हैं और परीक्षा पास की है या नहीं, इसकी जानकारी भी होगी। रिजल्ट देखने के बाद स्कोरकार्ड की कॉपी डाउनलोड कर लें। आगे एडमिशन या दूसरे जरूरी कामों में इसकी जरूरत पड़ सकती है।
सीए फाउंडेशन पास करने के बाद आगे क्या करना होगा?
ICAI ने सितंबर सेशन की फाउंडेशन परीक्षा 2, 5, 7 और 9 सितंबर 2026 को कराई थी। इस परीक्षा में पास होने के लिए हर विषय में कम से कम 40 प्रतिशत नंबर लाना जरूरी है। साथ ही चारों विषयों को मिलाकर कुल 50 प्रतिशत अंक भी होने चाहिए। किसी एक विषय में तय न्यूनतम नंबर नहीं मिलने पर छात्र पास नहीं माना जाएगा।








