रांची में फेडरेशन कप के दौरान पोल वॉल्ट में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार का ई-रिक्शा में पोल ले जाते वीडियो वायरल हुआ। घटना के बाद खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
रांची: फेडरेशन कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले पोल वॉल्ट खिलाड़ी देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार अब एक अलग वजह से चर्चा में हैं। रिकॉर्ड बनाने और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई करने के कुछ घंटों बाद दोनों खिलाड़ियों का ई-रिक्शा में अपनी पोल लेकर जाते वीडियो सामने आया, जिसने खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों के सम्मान को लेकर बहस छेड़ दी है।
रिकॉर्ड प्रदर्शन के बाद वायरल हुआ वीडियो
रांची में आयोजित फेडरेशन कप 2026 में देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार ने पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने 5.45 मीटर की छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले राष्ट्रीय रिकॉर्ड 5.41 मीटर था, जिसे कुलदीप कुमार ने ही पहले स्थापित किया था।
![]()
इस प्रदर्शन के साथ दोनों खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर देव कुमार मीणा को स्वर्ण पदक और कुलदीप कुमार को रजत पदक मिला।
हालांकि खेल उपलब्धि के कुछ समय बाद दोनों खिलाड़ियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वे अपनी पोल ई-रिक्शा में लेकर जाते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
पहले भी ट्रेन से उतारे जाने का मामला आया था सामने
यह पहला मौका नहीं है जब इन खिलाड़ियों को सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ा हो। इसी साल जनवरी में भी देव मीणा और कुलदीप यादव से जुड़ा मामला चर्चा में आया था, जब दोनों खिलाड़ियों को पोल साथ होने की वजह से ट्रेन से उतार दिया गया था।
उस दौरान दोनों खिलाड़ी घंटों पनवेल रेलवे स्टेशन पर फंसे रहे थे। घटना के बाद सोशल मीडिया पर खेल प्रशासन और रेलवे व्यवस्था को लेकर काफी आलोचना हुई थी। अब रांची का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और खिलाड़ियों के लिए बेसिक सपोर्ट सिस्टम को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अन्य स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
फेडरेशन कप में कई अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर ने 8.08 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालीफिकेशन मार्क भी हासिल किया।
पुरुषों की ऊंची कूद में महाराष्ट्र के सर्वेश अनिल कुशारे ने 2.28 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं आदर्श राम ने भी क्वालीफिकेशन मार्क हासिल किया।
110 मीटर बाधा दौड़ में तेजस अशोक शिर्से ने स्वर्ण पदक जीता और अपना मीट रिकॉर्ड बेहतर किया। महिलाओं की 10,000 मीटर रेस वॉक में हरियाणा की रविना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई किया।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय एथलीट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यात्रा, उपकरण और ट्रेनिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं में अभी भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।












