नेतन्याहू ने राष्ट्रपति से मांगी औपचारिक माफी, इजरायल में पहली बार हुआ ऐसा, जानें वजह

भ्रष्टाचार मामलों में फंसे इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से औपचारिक माफी याचिका दी, यह इजरायल के इतिहास में पहली घटना है।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भ्रष्टाचार के तीन अलग मामलों के बीच राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से औपचारिक माफी याचिका सौंप दी। यह इजरायल के इतिहास में पहली बार हुआ जब कोई वर्तमान पीएम खुद माफी मांग रहा है।

Israel: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भ्रष्टाचार के मुकदमे के बीच राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से माफी (pardon) की औपचारिक मांग कर दी है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को बताया कि नेतन्याहू ने राष्ट्रपति कार्यालय के कानूनी विभाग को लिखित याचिका सौंप दी है। यह इजरायल के इतिहास में पहली बार हुआ है जब कोई वर्तमान प्रधानमंत्री स्वयं के लिए माफी याचिका दायर कर रहा है।

क्या है भ्रष्टाचार के आरोप

नेतन्याहू पर तीन अलग-अलग मामलों में धोखाधड़ी, विश्वासघात और रिश्वत लेने के गंभीर आरोप हैं। उन पर यह आरोप हैं कि उन्होंने धनवान समर्थकों से राजनीतिक फायदे के बदले अनुचित लाभ लिया। हालांकि, अभी तक अदालत ने उन्हें किसी भी मामले में दोषी नहीं ठहराया है। इन मुकदमों ने इजरायल में जनता को गहराई से दो हिस्सों में बाँट दिया है और राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की अपील

नेतन्याहू की माफी याचिका उस समय आई है जब कुछ हफ्ते पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से इजरायल से नेतन्याहू को माफ करने की अपील की थी। ट्रंप का यह कदम उनके करीबी सहयोग और मित्रता को दर्शाता है। यदि राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग नेतन्याहू की माफी को स्वीकार कर लेते हैं तो उनके खिलाफ चल रहे मुकदमे समाप्त हो जाएंगे और सभी आरोप अपने आप खत्म हो जाएंगे।

अब सभी की नजरें राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग पर टिकी हैं। उनके पास यह तय करने का अधिकार है कि वे नेतन्याहू की याचिका को स्वीकार करें, खारिज करें या कोई समिति गठित कर आगे की जांच करवाएं। राष्ट्रपति कार्यालय ने इस याचिका को “असाधारण अनुरोध” बताते हुए कहा कि इसके गंभीर और दूरगामी प्रभाव हो सकते हैं।

Leave a comment