पूर्णिया में तालाब में डूबने से युवक की मौत, खेत से लौटते समय फिसला पैर

पूर्णिया के बसंतपुर में खेत से लौटते समय सुजीत कुमार तालाब में गिरकर डूब गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, पुलिस जांच कर रही है।

घटना बसंतपुर गांव के पास हुई। मृतक कटिहार जिले का रहने वाला था और अपने खेत पर आया था। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

Bihar: पूर्णिया के रूपौली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के रुचदेव सिमरिया गांव निवासी सुजीत कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुजीत अपने खेत के काम से रूपौली के बसंतपुर गांव आया था।

काम खत्म करने के बाद वह खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में खेत के पास स्थित कारी कोसी किनारे से गुजरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे तालाब के गहरे पानी में जा गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास कोई परिजन मौजूद नहीं था, जिससे तुरंत मदद मिल पाती।

पहरेदार ने देखा

पूर्णिया में तालाब में डूबने से युवक की मौत, खेत से लौटते समय फिसला पैर

तालाब की रखवाली कर रहे पहरेदार की नजर युवक पर पड़ी। उसने देखा कि एक युवक पानी में डूब रहा है। वह तुरंत दूसरे छोर से दौड़कर मौके पर पहुंचने की कोशिश करने लगा। हालांकि, जब तक वह पास पहुंचता, तब तक युवक पानी में पूरी तरह डूब चुका था। 

पहरेदार ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। गांव के लोगों ने तुरंत स्थानीय गोताखोर को बुलाया। गोताखोरों ने तालाब में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता दिलीप मंडल ने बताया कि उनका बेटा खेत देखने आया था और काम पूरा कर लौट रहा था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक तौर पर यह हादसा फिसलने के कारण डूबने से हुआ बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण की पुष्टि होगी। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a comment