रेवाड़ी में सरसों के भाव इस बार MSP से ऊपर पहुंचने से किसानों को अच्छा लाभ मिला है। कम आवक, मौसम की मार और खाद्य तेल बाजार में बढ़ती मांग के कारण निजी खरीद में दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी और बावल मंडियों में इस बार सरसों के बढ़ते दामों ने किसानों को राहत दी है। सरकारी समर्थन मूल्य से अधिक भाव मिलने के कारण ज्यादातर किसानों ने अपनी फसल निजी व्यापारियों को बेची। व्यापारियों के अनुसार कम उत्पादन, सीमित आवक और खाद्य तेल बाजार में बढ़ती मांग की वजह से सरसों के दाम लगातार मजबूत बने हुए हैं।
MSP से ऊपर बिक रही सरसों
रेवाड़ी जिले में इस बार सरसों उत्पादक किसानों को बाजार में बेहतर दाम मिले हैं। सरकार की ओर से सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6200 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया था, लेकिन मंडियों में निजी खरीद 6500 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई।
![]()
एक मई को सरकारी खरीद बंद होने के बाद भी निजी व्यापारियों और तेल मिलों की ओर से लगातार खरीद जारी है। बेहतर भाव मिलने के कारण किसानों ने सरकारी खरीद केंद्रों के बजाय निजी खरीद को प्राथमिकता दी।
कम आवक और बढ़ती मांग से चढ़े भाव
रेवाड़ी और बावल मंडियों में इस साल करीब चार लाख 83 हजार क्विंटल सरसों की आवक दर्ज की गई। इसमें से बहुत कम मात्रा सरकारी एजेंसियों ने खरीदी, जबकि अधिकांश फसल प्राइवेट व्यापारियों ने खरीदी।
व्यापारियों का कहना है कि इस बार मौसम की मार के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ। पकाव और कटाई के दौरान हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसल की गुणवत्ता और मात्रा दोनों पर असर पड़ा। इसी वजह से मंडियों में सरसों की आवक अपेक्षा से कम रही और बाजार में कीमतें बढ़ती चली गईं।
खाद्य तेल बाजार का भी पड़ा असर
अनाज मंडी व्यापार संघ के पदाधिकारियों के अनुसार खाड़ी देशों में जारी युद्ध का असर खाद्य तेल बाजार पर भी देखने को मिला है। पाम और सोया तेल के आयात में असर पड़ने से सरसों तेल की मांग बढ़ गई।
तेल मिलों ने भी सरसों की खरीद बढ़ा दी, जिससे बाजार में कीमतों को और मजबूती मिली। कई किसानों ने पहले से अपनी फसल स्टॉक कर रखी थी और अब बढ़ते दामों का फायदा उठा रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि पिछले दस दिनों में रेवाड़ी मंडी में सरसों का भाव 7700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया था। इससे किसानों को इस सीजन में बेहतर आमदनी मिलने की उम्मीद बढ़ी है।












