चीन ने हाई-पावर माइक्रोवेव हथियार विकसित करने का दावा किया है, जो बिना बम या मिसाइल सैटेलाइट और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को निष्क्रिय कर सकता है। इसे आधुनिक युद्ध की दिशा बदलने वाला हथियार माना जा रहा है।
World News: हथियारों की दुनिया में चीन ने एक बार फिर बड़ा दावा करके अमेरिका, यूरोप समेत पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। चीन के वैज्ञानिकों ने ऐसा हथियार विकसित करने की बात कही है जो बिना बारूद, बम या मिसाइल के दुश्मन के टारगेट को निष्क्रिय कर सकता है। इस हथियार को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह स्पेस में मौजूद सैटेलाइट तक को नष्ट करने की क्षमता रखता है। इस तकनीक को आधुनिक युद्ध की दिशा बदलने वाला कदम माना जा रहा है।
इनविजिबल हंटर नाम से चर्चा
चीन ने जिस हथियार के विकास का दावा किया है, उसे हाई-पावर माइक्रोवेव यानी HPM हथियार बताया जा रहा है। चीनी वैज्ञानिक इसे इनविजिबल हंटर कह रहे हैं। इसका मतलब है ऐसा शिकारी जो बिना दिखाई दिए हमला करता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हथियार इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को सीधे निशाना बनाता है और उन्हें डि-लिंक कर देता है। पारंपरिक हथियारों की तरह इसमें कोई विस्फोट नहीं होता, लेकिन असर बेहद घातक हो सकता है।
स्टारलिंक नेटवर्क पर खतरे की आशंका
चीनी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह सिस्टम एलन मस्क की कंपनी SpaceX के Starlink सैटेलाइट नेटवर्क को भी निष्क्रिय कर सकता है। इसी वजह से इसे स्टारलिंक किलर कहा जाने लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह तकनीक सफल होती है, तो अमेरिका की सैटेलाइट आधारित कम्युनिकेशन और निगरानी क्षमता को बड़ा झटका लग सकता है। Starlink का इस्तेमाल सैन्य संचार, ड्रोन ऑपरेशन और रियल टाइम निगरानी में किया जाता है।
ताइवान संकट से जुड़ा संदर्भ
यह दावा ऐसे समय पर सामने आया है जब ताइवान जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बना हुआ है। बीजिंग को आशंका है कि किसी संभावित संघर्ष की स्थिति में अमेरिका Starlink जैसे नेटवर्क का इस्तेमाल कर अपने सहयोगियों को रणनीतिक बढ़त दिला सकता है। चीन के सैन्य रणनीतिकारों का मानना है कि अगर सैटेलाइट नेटवर्क को शुरुआत में ही निष्क्रिय कर दिया जाए, तो दुश्मन की युद्ध क्षमता काफी कमजोर हो सकती है।
रूस यूक्रेन युद्ध से मिला सबक
![]()
रूस यूक्रेन युद्ध में Starlink की भूमिका ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा था। फरवरी 2022 में रूस के हमले के तुरंत बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति के अनुरोध पर एलन मस्क ने Starlink सेवा शुरू की थी। इससे यूक्रेन को युद्ध के दौरान मजबूत कम्युनिकेशन सिस्टम मिला। इसी अनुभव के बाद कई देश सैटेलाइट नेटवर्क को युद्ध का अहम हथियार मानने लगे हैं। चीन भी इसी दिशा में अपनी रणनीति तैयार करता दिख रहा है।
TPG1000Cs सिस्टम की जानकारी
यूरेशियन टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक चीन के शीआन स्थित Northwest Institute of Nuclear Technology यानी NINT के वैज्ञानिकों ने TPG1000Cs नाम का एक सिस्टम विकसित किया है। इसे दुनिया का पहला कॉम्पैक्ट हाई-पावर माइक्रोवेव ड्राइवर बताया जा रहा है। वैज्ञानिकों का दावा है कि यह सिस्टम एक मिनट तक 20 गीगावॉट की शक्ति पैदा कर सकता है। एक ही सेशन में यह करीब 3000 हाई-एनर्जी पल्स जनरेट करने में सक्षम है।
रूस के साइनस-7 से तुलना
रूस के Sinus-7 सिस्टम को लंबे समय तक माइक्रोवेव हथियारों में सबसे शक्तिशाली माना जाता रहा है। Sinus-7 का वजन करीब 10 टन था और यह सिर्फ एक सेकंड तक काम करता था। एक बर्स्ट में यह लगभग 100 पल्स ही दे पाता था। इसके मुकाबले TPG1000Cs की लंबाई करीब 4 मीटर बताई जा रही है और वजन लगभग 5 टन है। इसे ट्रक, युद्धपोत, विमान या सैटेलाइट प्लेटफॉर्म पर तैनात किया जा सकता है।
मल्टी प्लेटफॉर्म तैनाती की क्षमता
NINT की टीम का दावा है कि TPG1000Cs अब तक दो लाख से ज्यादा ऑपरेशनल पल्स जनरेट कर चुका है। इससे इसकी विश्वसनीयता साबित होती है। विशेषज्ञ मानते हैं कि किसी भी हथियार के लिए यह आंकड़ा बेहद अहम होता है। इस तकनीक की सबसे बड़ी ताकत यह है कि इसे जमीन, समुद्र, हवा और अंतरिक्ष किसी भी प्लेटफॉर्म से इस्तेमाल किया जा सकता है।
माइक्रोवेव हथियारों की खासियत
माइक्रोवेव हथियारों की सबसे बड़ी खासियत यह होती है कि वे पारंपरिक हथियारों की तरह मलबा नहीं छोड़ते। ये हथियार सीधे इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को टारगेट करते हैं। सैटेलाइट, रडार, कम्युनिकेशन सिस्टम और कंट्रोल यूनिट को बिना किसी धमाके के निष्क्रिय किया जा सकता है। कई मामलों में यह हमला दिखाई भी नहीं देता, जिससे दुश्मन को नुकसान का अंदाजा लगाने में वक्त लग जाता है।
चीन की रणनीतिक सोच
रिपोर्ट्स के मुताबिक TPG1000Cs का विकास चीन की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत बीजिंग सैटेलाइट नेटवर्क को काउंटर करने वाले हथियार तैयार कर रहा है। चीनी सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि शांति काल में Starlink जैसे नेटवर्क का इस्तेमाल निगरानी और टोही के लिए किया जा सकता है। वहीं युद्ध की स्थिति में यही नेटवर्क दुश्मन को रणनीतिक बढ़त देता है।









