उदयपुर के सायरा इलाके में युवक की मौत के बाद हुए प्रदर्शन के दौरान DSP सूर्यवीर सिंह पर प्रदर्शनकारियों को गालियां देने और लाठीचार्ज की धमकी देने का आरोप लगा। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
उदयपुर: सायरा इलाके में गुरुवार, 23 अक्टूबर को एक आदिवासी युवक की तेज रफ्तार कार की टक्कर में मौत हो गई। इस हादसे के बाद युवक के परिजन और आदिवासी समाज के लोग सड़क पर उतर आए और हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
इस दौरान मामले ने हिंसक रूप ले लिया और सोशल मीडिया पर DSP सूर्यवीर सिंह का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में वह प्रदर्शनकारियों को गालियां देते और लाठीचार्ज की धमकी देते नजर आ रहे हैं।
डीएसपी पर गाली देने और लाठीचार्ज की धमकी का आरोप
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डीएसपी सूर्यवीर सिंह प्रदर्शनकारियों को गालियां दे रहे हैं और उन्हें हटाने के लिए लाठीचार्ज की धमकी दे रहे हैं। इस घटना को एक युवक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर सरकार पर सवाल उठने लगे हैं।
डीएसपी सूर्यवीर सिंह का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने असंवैधानिक मांगें रखी और जब उन्हें हटने के लिए कहा गया तो उन्होंने पथराव शुरू कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हिंसक भीड़ और पुलिस की प्रतिक्रिया
डीएसपी और पुलिस टीम के प्रयास के बावजूद प्रदर्शन हिंसक रूप ले लिया। लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायरिंग की। कई पुलिसकर्मी घायल हुए, और कई प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए।
इस मामले ने पूरे जिले में चर्चा को जन्म दिया है, खासकर इस बात को लेकर कि अगर एसडीएम द्वारा पंपकर्मी को थप्पड़ मारने वाले अधिकारी को निलंबित किया जा सकता है, तो जनता को गालियां देने वाले डीएसपी पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
डीएसपी का विवादित रिकॉर्ड
डीएसपी सूर्यवीर सिंह पहले भी विवादों में रह चुके हैं। वे आनंदपाल एनकाउंटर केस में चर्चा में आए थे। अब जनता और सोशल मीडिया सवाल उठा रहे हैं कि प्रशासन अफसरशाही पर लगाम लगाएगा या यह वीडियो भी समय के साथ चर्चा से गायब हो जाएगा।











