UP PCS 2025 भर्ती में पदों की संख्या 200 से बढ़कर 920 हो जाने से अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत मिली है। इस फैसले से चयन की संभावनाएं कई गुना बढ़ गई हैं। अब ज्यादा उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा, जिससे प्रतियोगिता का संतुलन भी बदलेगा।
UP PCS 2025 Recruitment: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस 2025 भर्ती में बड़ा बदलाव करते हुए पदों की संख्या 200 से बढ़ाकर 920 कर दी है। यह फैसला उत्तर प्रदेश में विभिन्न विभागों से नए अधियाचन आने के बाद लिया गया। प्रारंभिक परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 को आयोजित हुई थी और अब इसी सप्ताह इसके परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है। पदों की बढ़ोतरी से उन लाखों अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा, जो इस बार चयन प्रक्रिया में शामिल हुए हैं और मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों को क्या मिलेगा सीधा फायदा
पदों की संख्या में साढ़े चार गुना बढ़ोतरी का सबसे बड़ा फायदा उन उम्मीदवारों को होगा, जो इस बार पीसीएस परीक्षा में शामिल हुए हैं। अब अधिक संख्या में अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में बैठने का अवसर मिलेगा, जिससे मेरिट के नए मौके बनेंगे।
कम पदों के कारण जो प्रतियोगिता बेहद कठिन मानी जा रही थी, वह अब तुलनात्मक रूप से संतुलित होती दिख रही है। इससे खासतौर पर मध्यम स्तर की तैयारी वाले उम्मीदवारों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
![]()
इस हफ्ते आ सकता है प्रीलिम्स रिजल्ट
यूपी पीसीएस 2025 की प्रारंभिक परीक्षा 12 अक्टूबर को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए 6.26 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन करीब 42.5 प्रतिशत ही वास्तव में परीक्षा में शामिल हुए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आयोग इस सप्ताह प्रीलिम्स का रिजल्ट जारी कर सकता है। ऐसे में अभ्यर्थियों की नजरें आधिकारिक वेबसाइट पर टिकी हुई हैं और मेन्स परीक्षा की तैयारी को लेकर भी तेजी बढ़ गई है।
पदों में अचानक इतनी बढ़ोतरी क्यों हुई
इस बार विभिन्न सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में रिक्त पद सामने आए हैं। जैसे-जैसे विभागों से नए अधियाचन आयोग को मिले, वैसे-वैसे पदों की संख्या बढ़ती चली गई।
पिछले कुछ वर्षों में सीमित भर्ती के कारण प्रतियोगिता बेहद कड़ी हो गई थी। ऐसे में यूपी पीसीएस 2025 में पदों का लगभग पांच गुना बढ़ना लाखों युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका माना जा रहा है।










